N1Live Entertainment ‘भूत बंगला’ में काम के अनुभव पर बोले जीशु सेनगुप्ता, ‘पहले दो दिन समझ नहीं आया डायरेक्टर का स्टाइल’
Entertainment

‘भूत बंगला’ में काम के अनुभव पर बोले जीशु सेनगुप्ता, ‘पहले दो दिन समझ नहीं आया डायरेक्टर का स्टाइल’

Jisshu Sengupta on his experience working in 'Bhoot Bangla': 'I didn't understand the director's style for the first two days'

30 मार्च । अक्षय कुमार की आने वाली हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और प्रसिद्ध निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर देखने को मिलेगी।

इसके अलावा, बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता जीशु सेनगुप्ता का दमदार अभिनय भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खीचेंगा। वह इस फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस कड़ी में उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने अनुभवों को खुलकर साझा किया।

आईएएनएस से बात करते हुए जीशु सेनगुप्ता ने कहा, ”फिल्म के सेट पर काम करना मेरे लिए बेहद खास और चुनौतीपूर्ण अनुभव था। शुरुआत में मुझे निर्देशक प्रियदर्शन के काम करने के स्टाइल को समझने में थोड़ा समय लगा। पहले दो दिनों में थोड़ी घबराहट हुई थी। यह घबराहट इसलिए थी, क्योंकि मुझे ‘द’ प्रियदर्शन के साथ काम करने का मौका मिला था। उनका नाम पूरी फिल्म इंडस्ट्री सम्मान के साथ लेती है।”

उन्होंने कहा, “सेट पर प्रियदर्शन बेहद सहज रहते हैं। वह अपनी टीम के सभी सदस्यों से सलाह लेते हैं और काम को मजेदार बनाने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। शुरुआत में मैं थोड़ा असमंजस में था, क्योंकि वह बहुत कम प्रतिक्रिया देते थे। मुझे डर लगा रहता था कि कहीं मेरी परफॉर्मेंस में कुछ गलत न हो जाए। लेकिन बाद में मुझे किसी ने बताया कि प्रियदर्शन का तरीका यही है। अगर सब सही होता है तो वह कुछ नहीं कहते, और अगर कुछ सुधारने की जरूरत होती है, तो वह स्पष्ट रूप से बता देते हैं।”

जीशु सेनगुप्ता ने कहा, ”जैसे ही मुझे निर्देशक के काम करने के तरीके का पता चला, तो मैं फिर निश्चित होकर आराम से सेट पर काम करने लगा। अब सेट पर काम करना मेरे लिए मजेदार रहा। अक्षय कुमार के साथ काम करना बेहद अच्छा अनुभव था। वह हमेशा सकारात्मक रहते हैं, और उनके आसपास काम करना एक अलग ही ऊर्जा देता है।”

फिल्म की लंदन शूटिंग का जिक्र करते हुए जीशु सेनगुप्ता ने बताया कि वह वहां अकेले थे, लेकिन सेट पर उनका अनुभव यादगार रहा।

फिल्म ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार, राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी और दिवंगत अभिनेता असरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होगी।

Exit mobile version