N1Live National वंदे मातरम का अपमान करने वाली दो महिला पार्षदों पर कार्रवाई नहीं तो जीतू इस्तीफा दें : मोहन यादव
National

वंदे मातरम का अपमान करने वाली दो महिला पार्षदों पर कार्रवाई नहीं तो जीतू इस्तीफा दें : मोहन यादव

Jitu should resign if action is not taken against two women councillors who insulted Vande Mataram: Mohan Yadav

मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर नगर निगम की कांग्रेस की दो मुस्लिम महिला पार्षद चर्चाओं में है। इन महिला पार्षदों ने पार्षद निगम की बैठक में वंदे मातरम नहीं गाया और भारत माता की जय नहीं बोला। इस पर भाजपा हमलावर है और कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि अगर इन दोनों पार्षदों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को इस्तीफा दे देना चाहिए।

दरअसल पिछले दिनों नगर निगम इंदौर की एक बैठक हुई जिसमें कांग्रेस की महिला पार्षद फोजिया शेख ने बजट बैठक में वंदे मातरम गाने से इंकार कर दिया, साथ ही भारत माता की जय नहीं बोला। उन्होंने संविधान का हवाला देते हुए अपनी बात कही। इसी तरह रुबीना खान पार्षद ने चुनौती दे दी कि अगर किसी में दम है तो वह वंदे मातरम कहलवा कर दिखाएं।

वंदे मातरम न गाने और भारत माता की जय न बोलने का मामला सियासी मुद्दा बन गया है। भाजपा हमलावर है और विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव का एक बयान आया है। उन्होंने कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस की पार्षद ने नगर निगम परिषद में वंदे मातरम गाने से इंकार किया, आगे इस पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं तो जीतू पटवारी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक तो कांग्रेस की पार्षद ने वंदे मातरम गाने से इंकार किया, साथ ही बड़ी बेशर्मी के साथ कहा कि मैं नहीं गाउंगी। इससे कांग्रेस के पार्षद का चरित्र सामने आया है और भारत माता की जय से भी मना किया। इसलिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्पष्टीकरण दें कि उनके सदस्यों को इस तरह का प्रोत्साहन कहां से मिलता है। यह देशवासियों का अपमान है।

उन्होंने कहा, “भारत माता की जय करते हुए हजारों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है, जबकि कांग्रेस के बैनर तले चुने गए पार्षद भारत माता की जय और वंदे मातरम नहीं गा रहे। कांग्रेस को कार्रवाई करनी चाहिए। अगर जीतू पटवारी इस पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं तो इस्तीफा देना चाहिए।”

बीते रोज भारतीय जनता पार्टी इंदौर द्वारा कांग्रेस की दो पार्षद नेत्रियों ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के अपमान के विरोध में नगर के सभी 85 वार्डों में कांग्रेस का पुतला दहन कर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन किया। इस दौरान पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने कहा कि देश भर में कांग्रेस नेताओं द्वारा बार-बार राष्ट्रभावनाओं को आहत करने वाले कृत्य किए जा रहे हैं, जिन्हें किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कांग्रेस वास्तव में राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सम्मान करती है, तो संबंधित दोनों पार्षद नेत्रियों को तत्काल प्रभाव से निष्कासित करना चाहिए।

Exit mobile version