N1Live National दानवी सोच को खत्म करने के लिए मातृशक्ति के न्याय की जरूरत: तेजस्वी यादव
National

दानवी सोच को खत्म करने के लिए मातृशक्ति के न्याय की जरूरत: तेजस्वी यादव

Justice of the mother power is needed to end demonic thinking: Tejashwi Yadav

19 मार्च । राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन प्रदेशवासियों को संदेश दिया है। उन्होंने लोगों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामना देते हुए कामना की है कि मां दुर्गा आप सभी को धन, धान्य, सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और सम्पन्नता का आशीर्वाद दें।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मां दुर्गा बुराई पर अच्छाई की विजय की प्रतीक हैं। अहंकार, असत्य, अन्याय और अराजकता रूपी दानव जब-जब बलवान होता है तब-तब मां दुर्गा अवतरित होकर न्याय करती है। बिहार का परिदृश्य भी अब कुछ ऐसा ही हो चला है कि हमें दानवी सोच को खत्म करने के लिए मातृशक्ति के न्याय की आवश्यकता है।

उन्होंने अपने संदेश में आगे कहा, “बिहार के भोले-भाले लोगों का आज जिस तरह धोखा, छल, प्रपंच, अन्याय और असत्य द्वारा शोषण किया जा रहा है, वो अब बर्दाश्त के बाहर हो रहा है। दानवी सोच को लगता है कि वो अमर हो रही है, अब कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता, लेकिन मां का आशीर्वाद न सिर्फ इस सोच का संहार बिहार से करेगा बल्कि एक ऐसा बिहार बनाने का काम भी करेगा जहां न्याय, सत्य, धर्म, अहिंसा और समानता का वास होगा।”

राजद नेता ने यह भी कहा कि आज बिहार की बेटियां संकट में हैं। सरेआम मार-काट मची हुई है, हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिन लुभावने वादों की सौगात देने का वादा था, वो कहीं दिखाई नहीं दे रहे। विकास के हर पैमाने पर बिहार सबसे नीचे दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम सभी मन में ये प्रार्थना करें कि हे मां दुर्गा, बिहार को इस मुश्किल घड़ी से निकालकर विकास का एक नया रास्ता दिखाओ।

Exit mobile version