N1Live National ‘दिल्ली के पूर्व सीएम और डिप्टी सीएम को होगी सजा’, केजरीवाल की टिप्पणी पर कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिरसा का पलटवार
National

‘दिल्ली के पूर्व सीएम और डिप्टी सीएम को होगी सजा’, केजरीवाल की टिप्पणी पर कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिरसा का पलटवार

Kapil Mishra and Manjinder Sirsa hit back at Kejriwal's remark, 'Delhi's former CM and Deputy CM will be punished'

28 मार्च । नेपाल में पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और गृह मंत्री रमेश लेखक के गिरफ्तार होने के बाद दिल्ली में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे से वार पलटवार किया है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को नेपाल के पूर्व पीएम की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “नेपाल के पूर्व प्रधान मंत्री और गृह मंत्री अपने पुराने कुकर्मों की वजह से गिरफ्तार।”

इसके कुछ देर बाद दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल के पोस्ट पर जवाब दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली का भी पूर्व मुख्यमंत्री अपने कुकर्मों की वजह से जेल गया था, फिर जाएगा।”

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी केजरीवाल के पोस्ट पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “दिल्ली का भी पूर्व मुख्यमंत्री, एक उपमुख्यमंत्री और उसके मंत्री दिल्ली को लूटने के इल्जाम के चलते जेल गए थे और अब सजा भी होगी।”

मनजिंदर सिंह सिरसा का यह पोस्ट उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने दिल्ली विधानसभा के अंदर कहा कि मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने ‘अंडर द टेबल’ खूब पैसे कमाए।

सिरसा ने अपने बयान में कहा, “आम आदमी पार्टी के पहले शराब की बोतल पर सरकार एक्साइज लेती थी। ये लोग आए और नई व्यवस्था में इस सिस्टम को बदल दिया गया ताकि ‘बाय वन गेट वन फ्री’ जैसे ऑफर्स के जरिए ये लोग खुले तौर पर मुनाफा कमाएं और अपनी जेब भरें। आपको जानकर हैरानी होगी कि इन सब में मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने ‘अंडर द टेबल’ खूब पैसे कमाए।”

उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली की जनता के खून-पसीने की कमाई को अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने अपने करीबियों की जेब भरने में बर्बाद कर दिया। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या यह पैसा इनकी बपौती थी? दिल्लीवासियों की गाढ़ी कमाई को इस तरह लुटाने का हक इन्हें किसने दिया था?”

Exit mobile version