N1Live National कर्नाटक : मंगलुरु में हाइब्रिड गांजा ले जाते हुए छात्रा गिरफ्तार
National

कर्नाटक : मंगलुरु में हाइब्रिड गांजा ले जाते हुए छात्रा गिरफ्तार

Karnataka: Student arrested for carrying hybrid marijuana in Mangaluru

13 मई । कर्नाटक पुलिस ने बुधवार को बताया कि उन्होंने मंगलुरु शहर में 35 लाख रुपए की हाइब्रिड गांजा की तस्करी के आरोप में एक बीसीए छात्र को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान 21 साल की सुहाना के तौर पर हुई है, जो शिवमोग्गा जिले के सागर की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चेन्नई से गांजा लाई थी और उसे तटीय शहर मंगलुरु में छात्रों को बेचती थी।

पुलिस ने आगे बताया कि बेंगलुरु और मंगलुरु में उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे। मुल्की पुलिस ने इस घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है।

आरोपी उडुपी जिले के कुंडापुरा शहर के एक जाने-माने कॉलेज में बीसीए की फाइनल ईयर की छात्रा है। पुलिस ने उसे मंगलवार को तब पकड़ा, जब वह कथित तौर पर मुल्की रेलवे स्टेशन रोड पर नशीला पदार्थ बेच रही थी।

पनाम्बुर और मुल्की की विशेष पुलिस टीमों ने मिलकर यह ऑपरेशन चलाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने 35 लाख रुपए का 1.40 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा जब्त किया। जब्त किए गए गांजे की बाजार में कीमत काफी ज्यादा बताई जा रही है।

पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और दूसरे दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

शुरुआती जांच के मुताबिक, सुहाना कथित तौर पर चेन्नई से मंगलुरु तक नशीला पदार्थ लाई थी। उस पर मंगलुरु जिले में कॉलेज के छात्रों और अमीर लोगों को नशीले पदार्थ बेचने का आरोप है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि वह पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रही है। कावूरू पुलिस ने नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया है।

यह भी पता चला है कि बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने पहले भी उसके खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ा एक मामला दर्ज किया था।

याद दिला दें कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाओं में बढ़ोतरी और तस्करों की गिरफ्तारी के बीच, बेंगलुरु पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

नशीले पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन में, 5 मई को पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 14.75 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए। नंदिनी लेआउट और यशवंतपुर की पुलिस टीमों ने छापेमारी के दौरान कुल 13.7 किलोग्राम हाइड्रो गांजा और एमडीएमए क्रिस्टल बरामद किए।

Exit mobile version