N1Live National केरल: महिला की आत्महत्या मामले में युवा कांग्रेस के नेता सुहैल अंसारी हिरासत में
National

केरल: महिला की आत्महत्या मामले में युवा कांग्रेस के नेता सुहैल अंसारी हिरासत में

Kerala: Youth Congress leader Suhail Ansari detained in woman's suicide case

18 फरवरी । केरल के पठानमथिट्टा जिले में एक 35 वर्षीय महिला की आत्महत्या मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस के राज्य स्तर के नेता सुहैल अंसारी को हिरासत में लिया है। यह घटना काफी चर्चा में है, क्योंकि महिला के सुसाइड नोट में सुहैल का नाम मौत के कारण के रूप में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, महिला इस महीने की 14 तारीख को पठानमथिट्टा के कदंबनाड इलाके में अपने पति के घर पर फंदे पर लटकी हुई मिली थी।

घटनास्थल पर जांच के दौरान परिवार को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा था कि सुहैल अंसारी उनकी मौत के लिए जिम्मेदार हैं। नोट में महिला ने दावा किया कि सुहैल ने उन्हें परेशान किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वह इतने दबाव में आ गई कि आत्महत्या करने पर मजबूर हुई।

इस नोट के आधार पर अदूर के एनाथ पुलिस स्टेशन ने तुरंत कार्रवाई की और सुहैल अंसारी को हिरासत में ले लिया। सुहैल कोल्लम जिले के पोरुवाझी का निवासी है और युवा कांग्रेस का राज्य सचिव है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया और फिलहाल हिरासत में रखा है।

अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन जांच में उसकी भूमिका की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। सुसाइड नोट की सत्यता, महिला की मौत के अन्य संभावित कारणों और सुहैल के साथ उसके संबंधों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों का इंतजार किया जा रहा है, ताकि सही तस्वीर सामने आए। यह मामला आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा हो सकता है।

Exit mobile version