N1Live National केआरसीएल भर्ती अलर्ट: टेक्नीशियन सहित 132 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, इन दिन वॉक-इन इंटरव्यू
National

केआरसीएल भर्ती अलर्ट: टेक्नीशियन सहित 132 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, इन दिन वॉक-इन इंटरव्यू

KRCL Recruitment Alert: Vacancy notification released for 132 posts including Technician, walk-in interview on these days

कोंकण रेलवे निगम लिमिटेड (केआरसीएल) ने मैकेनिकल/प्रोजेक्ट विभाग में एक वर्ष की प्रारंभिक निश्चित अवधि के लिए अनुबंध के आधार पर अलग-अलग कुल 132 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। भर्ती की अवधि संतोषजनक प्रदर्शन और केआरसीएल की आवश्यकता के आधार पर 5 वर्ष तक बढ़ाई जा सकती है।

केआरसीएल की ओर से जारी पदों में जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट/मैकेनिकल के 11, क्वालिटी इंस्पेक्टर के 15, टेक्नीशियन (वेल्डर) के 16, टेक्नीशियन (फिटर) के 22, टेक्नीशियन (ईओटी ऑपरेटर) के 16, वाहन चालक के 4, लिस्टर/फोर्कलिफ्ट ऑपरेटर के 14, हाइड्रो ऑपरेटर के 2, और ऑफिस बॉय/हेल्पर/खलासी के 32 पद शामिल हैं।

इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, समूह चर्चा (जीडी), लिखित परीक्षा, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी पद अनुसार 25,700 से 41,380 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, उम्मीदवारों की नियुक्ति विशाखापत्तनम में वीडीपीडी कार्यशाला में होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान/यूनिवर्सिटी/बोर्ड से संबंधित पद के अनुसार 10वीं, आईटीआई, मैकेनिकल इंजीनियरिंग/उत्पादन और औद्योगिक इंजीनियरिंग/ऑटोमोबाइल/विनिर्माण/मेकाट्रॉनिक्स/सामग्री विज्ञान/धातुकर्म में पूर्णकालिक इंजीनियरिंग की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पोस्ट के अनुसार कम से कम 1 से 2 वर्ष का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू 8 जून से 12 जून के बीच ‘प्रशासनिक बिल्डिंग, वैगन मरम्मत कार्यशाला, ऑटोनगर, वडलापुडी, गजुवाका, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू में रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच तय किया गया है।

ऐसे में जो आवेदक साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित डॉक्यूमेंट की मूल के साथ उनकी फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले केआरसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद इंटरव्यू के लिए एप्लीकेशन फॉर्म को अपने साथ केंद्र पर याद से साथ ले जाएं।

Exit mobile version