N1Live Entertainment पिता से सीखा रक्षाबंधन की खूबसूरत परंपरा को निभाना : अक्षय म्हात्रे
Entertainment

पिता से सीखा रक्षाबंधन की खूबसूरत परंपरा को निभाना : अक्षय म्हात्रे

Learned to observe the beautiful tradition of Raksha Bandhan from my father: Akshay Mhatre

एक्टर अक्षय म्हात्रे इन दिनों अनमोल टीवी पर प्रसारित शो ‘हमारी राधा’ में गिरधर के किरदार में नजर आ रहे हैं। उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत में रक्षाबंधन से जुड़ी खास परंपरा के बारे में अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है, लेकिन उनकी कुछ राखी बहनें हैं, जिनके साथ वह काफी अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं। इन रिश्तों को निभाने की सीख उन्हें अपने पिता से मिली।

अक्षय ने कहा, “मेरे पिता की भी कोई सगी बहन नहीं थी, लेकिन बचपन में उनके मोहल्ले की कुछ लड़कियां उन्हें राखी बांधती थीं। समय के साथ ये रिश्ते मेरे पिता के लिए बेहद खास बन गए। इसी खूबसूरत परंपरा को मैंने भी अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया और आज मैं अपनी राखी बहनों के साथ हर साल रक्षाबंधन मनाता हूं। मेरे लिए यह त्योहार रिश्तों की अहमियत और उनसे जुड़ी यादों को याद करने का मौका है।”

रक्षाबंधन के सेलिब्रेशन के बारे में आईएएनएस से बात करते हुए अक्षय ने कहा, ”मेरे लिए राखी का रिश्ता सिर्फ एक रस्म नहीं है, बल्कि इन रिश्तों की अपनी जिंदगी में काफी अहमियत है। हर साल मैं इस दिन को खास तरीके से मनाने की कोशिश करता हूं। मेरी कुछ अपनी राखी बहनें हैं और उनके साथ यह त्योहार मनाना मुझे बहुत अच्छा लगता है। ऐसा लगता है, जैसे मैं उस खूबसूरत परंपरा को आगे बढ़ा रहा हूं, जिसकी शुरुआत मेरे पिता ने की थी।”

अक्षय ने कहा, “पहले राखी बहनों के लिए गिफ्ट चुनने में पिता मदद किया करते थे। अब मेरी पत्नी यह जिम्मेदारी खुशी-खुशी संभाल रही है। कुछ साल पहले मैंने अपनी राखी बहनों को सिल्वर जूलरी गिफ्ट की थी और उन्हें वह बहुत पसंद आई थी। मेरे लिए रक्षाबंधन की खूबसूरती यही है कि कुछ परंपराएं प्यार और उनसे जुड़ी यादों की वजह से खास बन जाती हैं।”

इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। यह त्योहार सावन महीने की पूर्णिमा के दिन आता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं, और भाई उन्हें गिफ्ट देते हैं। साथ ही, दोनों एक-दूसरे के लिए प्यार और अपने रिश्ते को और मजबूत करने की कामना करते हैं।

Exit mobile version