जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू में दिग्गज नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरधारी लाल डोगरा की 39वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनकी बेटी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की पत्नी संगीता जेटली ने भी उन्हें याद किया।
संगीता जेटली ने कहा, “यह बहुत ही दुर्लभ अवसर है। आज उनकी 39वीं पुण्यतिथि है और इतने वर्षों बाद भी लोग उन्हें याद रखे हुए हैं। इसका मतलब है कि उन्होंने राज्य के लिए कुछ ऐसा किया होगा, जिसे लोग आज भी याद कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि आजकल ऐसे नेता बहुत कम मिलते हैं, जो जनता और लोगों को अपने स्वार्थ से ऊपर रखते हों। उनका हमेशा यही दृष्टिकोण था कि जिन लोगों ने उन्हें वोट दिया है या नहीं दिया है, राज्य के सभी लोग उनके अपने हैं। उन्हीं का विकास, राज्य का विकास और लोगों का उत्थान उनके लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण था।
संगीता जेटली ने कहा कि मैंने स्वयं देखा है कि इस राज्य में पहले सड़कें नहीं थीं। विभाजन के बाद स्कूलों की बहुत आवश्यकता थी, नहीं तो हमारी पीढ़ियां अशिक्षित रह जातीं। मेरे पिता देखते थे कि कौन-सा बच्चा दसवीं पास कर गया है और फिर उसे घर बुलाकर प्रेरित करते थे कि शिक्षक बनो और बच्चों को पढ़ाओ।
उन्होंने कहा कि जिसने कॉमर्स की पढ़ाई की होती थी, उसे जम्मू-कश्मीर बैंक में समायोजित करने का प्रयास करते थे क्योंकि उस समय यह बहुत ज़रूरी था कि अर्थव्यवस्था स्थिर हो और शिक्षा का विस्तार हो। तभी किसी प्रदेश की तरक्की संभव होती है। आगे चलकर सड़कें बनीं। पहले कच्ची सड़कें हुआ करती थीं। मुझे आज भी याद है कि बाद में पक्की सड़कें बनीं। हमारी सड़कें सिंगल रोड होती थीं। पठानकोट तक भी इसी प्रकार की सड़कें थीं। जितने बड़े पुल आज आपको दिखाई देते हैं, उस समय ऐसा कुछ नहीं था।
संगीता जेटली ने कहा कि मुझे याद है कि जब हम पठानकोट की ओर से आते थे, तो कई जगह पानी भर जाता था और गाड़ियां रुक जाती थीं। पानी निकलने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ पाती थी। आज की पीढ़ी शायद इसकी कल्पना भी नहीं कर सकती कि सड़कों पर पानी भरने से पूरा यातायात ठप हो जाता था। इतना विकास हुआ है और इसके पीछे मेरे पिता का बहुत बड़ा योगदान रहा है, विशेष रूप से पर्यटन के क्षेत्र में। आज आप जो हट्स देख रहे हैं, वह उनका ही विजन था।
उन्होंने बताया कि वे विदेशों की यात्रा पर जाते थे और वहां देखते थे कि लोग होटल में अपना सामान लेकर आते हैं, ठहरते हैं और फिर चले जाते हैं। उन्होंने सोचा कि क्यों न यहां भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने पर्यटन निदेशक से कहा कि प्रयोग के तौर पर कुछ हट्स बनाए जाएं। मेरे ख्याल से पहली हट चश्मे-शाही में बनाई गई थी। जब वह प्रयोग सफल रहा, तब पहलगाम में हट्स बनाई गईं। बाद में गुलमर्ग में भी इसका विस्तार हुआ।
उन्होंने कहा कि मुझे आज भी याद है कि मेरे पिता बीच-बीच में स्वयं वहां जाते थे और ठहरे हुए पर्यटकों से मिलकर पूछते थे कि किसी चीज की कमी तो नहीं है। एक बार गैस सिलेंडरों की कमी हो गई थी, तो उन्होंने अपनी गाड़ी भेजकर श्रीनगर से गैस सिलेंडर मंगवाए और सभी पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रबंध किया। यही उनका दृष्टिकोण था। उन्होंने कभी अपने स्वार्थ या परिवार के स्वार्थ को प्राथमिकता नहीं दी। राज्य और उसके लोगों को हमेशा सबसे आगे रखा। यही कारण है कि आज भी लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद कर रहे हैं।
