March 21, 2026
National

मध्‍य प्रदेश: भोपाल में कांग्रेस नेताओं ने गैस की किल्लत को लेकर बांटे चूल्हे

Madhya Pradesh: Congress leaders in Bhopal distributed stoves to address the gas shortage.

21 मार्च । इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। मध्य प्रदेश में भी घरेलू गैस का वितरण बाधित हो रहा है और उपभोक्ता परेशान हैं। किसी को लेकर कांग्रेस में अनोखा प्रदर्शन किया और चूल्हे बांटे।

कांग्रेस का आरोप है कि राजधानी में 20 दिन से चली आ रही रसोई गैस की किल्लत के चलते ईद और नवरात्रि के त्योहार पर परिवार खाली सिलेंडर लेकर शहर में भटक रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार पर नागरिकों की परेशानी की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रभात चौराहे पर महिलाओं को चूल्हे बांटकर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने कहा कि अमेरिका के डर के चलते आज भारत की सरकार रूस से रसोई गैस का आयात करने का फैसला नहीं ले पा रही है, जिसके चलते पूरा देश सिलेंडर की तलाश में भटक रहा है।

शुक्ला ने कहा कि भारत सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश में गैस सिलेंडर की कमी हो गई है और रातों-रात प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। आने वाले समय में देश कई पेट्रोलियम उत्पादों की कमी से जूझेगा और आम जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और आने वाले समय में चूल्हे पर रोटी बनानी पड़ सकती है, इसीलिए आज विरोध स्वरूप चूल्हा बांट रहे हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत निर्धन परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वायदा किया था जो वर्तमान में झूठा साबित हो रहा है।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा है कि रसोई गैस की किल्लत का फायदा उठाकर एजेंसी संचालक मनमाने दाम पर सिलेंडर सप्लाई कर रहे हैं। रात के अंधेरे में सिलेंडर से भरे हुए ट्रक शहर में घूम रहे हैं जबकि दिन के वक्त इन्हें तलाश पाना मुश्किल है। कांग्रेस ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल ऐसे एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करे।

Leave feedback about this

  • Service