April 11, 2025
National

मध्य प्रदेश : देवास में जल संकट को लेकर कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, मटके फोड़े

Madhya Pradesh: Congress protests against water crisis in Dewas, breaks pots

गर्मी बढ़ने के साथ मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में जल संकट गहराने लगा है। पानी की बढ़ती किल्लत को लेकर कांग्रेस ने देवास जिले में शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मटके फोड़े और नगर निगम के साथ ही सरकार के रवैये पर चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो वे निगम पार्षदों के घरों के बाहर पुतलों का दहन करेंगे।

देवास में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। जब वे नगर निगम कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे, तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की।

इस दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की धक्का-मुक्की भी हुई। कई कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स को लांघकर कार्यालय के अंदर तक पहुंच गए। वे अपने साथ मटके लेकर आए थे, जिन्हें फोड़कर उन्होंने प्रदर्शन किया।

कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि बीते 10 दिनों से शहर में गंभीर जल संकट है। एक भी ऐसा वार्ड नहीं है, जहां लोग साइकिल पर बर्तन आदि लेकर पानी का इंतजाम करने के लिए मजबूर न हों। जनता ने भाजपा को बड़ी तादाद में वोट दिए और सत्ता सौंप दी, मगर भाजपा के नेता जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। जनता की समस्याओं की उन्हें परवाह नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं को अपनी चिंता है, पार्षद आपस में लड़ते हैं। बड़े नेताओं की कठपुतलियां आपस में लड़ रही हैं, जनता परेशान है, जल-कर बढ़ा दिया गया है, संपत्ति कर बढ़ा दिया गया है, जिसमें बड़ी मात्रा में भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस इसका विरोध करेगी।

मनोज राजानी ने बताया कि यदि अगले 10 दिन में हालात नहीं सुधरे, तो हर वार्ड में भाजपा के पार्षद के पुतले का दहन किया जाएगा। इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी तादाद में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। सबने पानी की बढ़ती समस्या के लिए नगर निगम और भाजपा नेताओं को जिम्मेदार ठहराया।

Leave feedback about this

  • Service