N1Live National मध्य प्रदेश : इंदौर में लव जिहाद और रेप के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, कांग्रेस पार्षद का भी जुड़ा नाम
National

मध्य प्रदेश : इंदौर में लव जिहाद और रेप के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, कांग्रेस पार्षद का भी जुड़ा नाम

Madhya Pradesh: Two youths arrested in Indore on charges of love jihad and rape, name of Congress councilor also linked

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में दो लोगों को दुष्कर्म और लव जिहाद के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जहां इन युवकों के खिलाफ दो पीड़िताओं की शिकायत पर दुष्कर्म और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इस घटनाक्रम में एक कांग्रेस पार्षद का नाम भी सामने आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, देर रात हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उन्हें ‘लव जिहाद’ की घटनाओं को अंजाम देने के लिए कांग्रेस पार्षद से आर्थिक मदद मिलती है। बताया जा रहा है कि प्रत्येक लड़की को फंसाने के लिए एक से दो लाख रुपए की रकम दी जाती थी।

हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साहिल और अल्ताफ को आरोपी बनाया। पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें बलात्कार और धार्मिक स्वतंत्रता कानून शामिल हैं।

मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कबूलनामे पर कांग्रेस पार्षद अनवर कादिर को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने पार्षद के खिलाफ आपराधिक साजिश (धारा 120बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि दो फरियादियों ने अलग-अलग केस दर्ज करवाए थे। दोनों पीड़िताओं ने पुलिस को बताया था कि बहला-फुसलाकर उनके साथ गलत काम किया गया। शिकायतों के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक वीडियो सामने आया था, जिसमें आरोपियों ने कहा कि उन्हें पैसों का लालच दिया गया था। इस खुलासे के बाद कांग्रेस पार्षद को आरोपी बनाया गया। फिलहाल सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

Exit mobile version