March 30, 2026
National

मध्य प्रदेश : मौसम में बदलाव के आसार, आंधी-बारिश की चेतावनी

Madhya Pradesh: Weather likely to change, warning of storm and rain

30 मार्च । मध्य प्रदेश में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ओर से आ रही नमी के साथ पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बड़े बदलाव के आसार बन गए हैं। इसके चलते तेज आंधी चलने, बारिश और ओले गिरने की मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

राज्य में इन दिनों मौसम गर्म है और पारा तेजी से उछाल मार रहा है। तापमान भी 40 डिग्री तक पहुंच गया। दिन के समय तो हवाओं में गर्माहट है। मौसम विभाग ने राज्य के मौसम में आगामी दिनों में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं जिसके चलते गर्मी से राहत भी मिल सकती है लेकिन आंधी और ओले की गिरने से खेतों की पकी फसल को नुकसान भी हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के साथ पश्चिमी विक्षोभ बना है। इससे ग्वालियर- चंबल संभाग के भिंड तथा दतिया में ओले भी गिर सकते हैं, इसके अलावा भोपाल, जबलपुर संभाग सहित कई इलाकों में बादल छा सकते हैं और बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन से चार दिनों में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा संभाग सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव साफ नजर आएगा। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और दिन में गर्मी भी कम हो सकती है।

मौसम में होने वाले बदलाव की संभावनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ती है। इसकी वजह भी है क्योंकि गेहूं आदि की फसल पक चुकी है और उनकी कटाई का सिलसिला जारी है। फसल खुले में रखी है। इस स्थिति में अगर बारिश होती है, ओले गिरते हैं या आंधी चलती है तो किसानों को नुकसान भी हो सकता है। बीते 24 घंटे में राज्य के तापमान की बात की जाए तो मंडला में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य के बड़े हिस्से में 37 और 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Leave feedback about this

  • Service