4 फरवरी । महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को एक अकाउंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई गजाभाऊ नाम के अकाउंट पर पोस्ट की गई आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री के कारण की गई है।
पुलिस के अनुसार, इस अकाउंट पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दावोस दौरे को लेकर एक व्यंग्यात्मक कार्टून छवि वाली पोस्ट की गई थी। इसे आपत्तिजनक माना गया है, क्योंकि यह देश के एक उच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ है।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस का कहना है कि ऐसी सामग्री से समाज में तनाव फैल सकता है, कुछ वर्गों की भावनाएं आहत हो सकती हैं, कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है और हिंसा भड़कने की आशंका भी है।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस के नोडल कार्यालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 79(3)(बी) और सूचना प्रौद्योगिकी मध्यस्थ दिशानिर्देशों के तहत एक्स को निर्देश दिए हैं कि संबंधित अकाउंट और उसकी ऐसी सामग्री को तुरंत हटा दिया जाए या निष्क्रिय कर दिया जाए।
नोटिस में साफ कहा गया है कि भारत में कारोबार करने वाली सभी कंपनियों पर भारतीय कानून लागू होते हैं। अगर ये आदेशों का पालन नहीं किया गया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
नोटिस में यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे होने वाली किसी भी अनचाही घटना की जिम्मेदारी प्लेटफॉर्म की होगी।
साइबर पुलिस के मुताबिक, यह मामला अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के बीच संतुलन का एक उदाहरण है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस लगातार ऐसी सामग्री पर नजर रख रही है, जो समाज में अशांति फैला सकती है। ऐसी शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की हिंसा या तनाव से बचा जा सके।


Leave feedback about this