February 16, 2026
National

‘महाशिवरात्रि पर महाविजय’, टीम इंडिया की जीत पर मुख्यमंत्रियों ने ऐसी दीं बधाइयां

‘Mahavijay on Mahashivratri’, Chief Ministers extend their congratulations on Team India’s victory

15 फरवरी । श्रीलंका में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में टीम इंडिया को जबरदस्त जीत मिली है। इस मुकाबले में पाकिस्तान की करारी हार हुई। भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से मात दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई दी।

टीम इंडिया की जीत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “महाशिवरात्रि पर महाविजय की देशवासियों को हार्दिक बधाई। भारतीय क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों का अभिनंदन। जय हिंद।”

वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह सिर्फ जीत नहीं, पूरे भारत का जश्न है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में हमारी भारतीय टीम के धुरंधर खिलाड़ियों की पाकिस्तान पर गौरवशाली जीत के लिए देशवासियों और विशेषकर टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई।

असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “अलग-अलग साल, अलग-अलग टूर्नामेंट, नतीजा एक ही। भारत हर क्षेत्र में पाकिस्तान से आगे है। टी20 विश्व कप में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। टी20 विश्व कप जीतने के लिए तैयार हो जाओ।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बधाई देते हुए कहा, “नतीजा वही- भारत ‘विजयी’। टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के विरुद्ध शानदार विजय हासिल कर 140 करोड़ देशवासियों का गौरव बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए समस्त खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं आगामी मुकाबलों के लिए अनंत शुभकामनाएं।”

आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में पाकिस्तान पर शानदार जीत के लिए भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। ईशान किशन की बल्लेबाजी लाजवाब रही। मेरी कामना है कि टीम अपनी लय बरकरार रखे। टूर्नामेंट के आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं।”

बता दें कि भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस पारी में ईशान किशन ने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 77 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 25 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में महज 114 रनों पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने नाबाद 23 रन की पारी खेली।

Leave feedback about this

  • Service