आगामी दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘शुद्ध ही शुभ है’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धौलाना क्षेत्र के लालपुर सौलाना गांव में करीब 16 क्विंटल मिलावटी खोया जब्त कर नष्ट कर दिया। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में 1.75 टन संदिग्ध बेसन भी सीज किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और जिलाधिकारी कविता मीना के कड़े निर्देशों के क्रम में की गई। खाद्य आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि लालपुर गांव में मिलावटी खोया तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान वहां करीब 16 क्विंटल तैयार खोया मिला।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस खोये को स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) और वनस्पति मिलाकर तैयार किया गया था। टीम ने मौके से खोये के चार नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए। इसके बाद जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर करीब 16 क्विंटल खोये को उसमें दबाकर नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए खोये की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों की भी गहन जांच की। इस क्रम में बेसन, नमकीन और हल्दी के एक-एक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, छापेमारी के दौरान साईं नाथ फूड्स में खाद्य सुरक्षा मानकों और नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर मौजूद करीब 1,750 किलोग्राम (1.75 टन) संदिग्ध बेसन को सीज कर दिया। जब्त किए गए बेसन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 लाख 25 हजार रुपए बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने व्यापारियों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।

