N1Live National हरियाणा में बड़ा फेरबदलः 21 आईएएस, 42 एचसीएस अधिकारियों का ट्रांसफर
National

हरियाणा में बड़ा फेरबदलः 21 आईएएस, 42 एचसीएस अधिकारियों का ट्रांसफर

Major reshuffle in Haryana: 21 IAS, 42 HCS officers transferred

26 मार्च । हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 63 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इनमें 21 आईएएस और 42 एचसीएस अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। ये सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

गीता भारती को हिसार मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि गुरुग्राम मंडल की जिम्मेदारी रवि प्रकाश गुप्ता को सौंपी गई है। अमित कुमार अग्रवाल (आईएएस) को कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड का सदस्य सचिव बनाया गया है, साथ ही उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। हाल ही में उन्हें फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी का प्रशासक नियुक्त किया गया था।

आईएएस सत्येंद्र दुहान को स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभाग का निदेशक बनाया गया है और वे अतिरिक्त सचिव का दायित्व भी संभालेंगे। आईएएस सतबीर सिंह को फायर सर्विसेज हरियाणा का निदेशक और आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी का सीईओ नियुक्त किया गया है। वंदना डिसोदिया को गृह विभाग (होम-I और होम-II) की सचिव के साथ-साथ हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमित अग्रवाल का भी तबादला करते हुए उन्हें कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड में सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। युवा आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अंजलि श्रोत्रिया को फरीदाबाद में एडीसी, अंकित कुमार चौकसे को पानीपत, उत्सव आनंद को हिसार और डॉ. राहुल रैया को करनाल में एडीसी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई जिलों में एसडीओ और एडीसी स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।

एचसीएस अधिकारियों में भी फेरबदल किया गया है। अजय चोपड़ा को सोनीपत में एडीसी और जिला परिषद के सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। परमजीत चहल को फरीदाबाद नगर निगम में अतिरिक्त आयुक्त, संजय कुमार को कैथल में एसडीओ (सिविल) और प्रदीप अहलावत को चरखी दादरी में जिला परिषद सीईओ बनाया गया है। इसके अलावा जयदीप कुमार को हरियाणा सरकार में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इन तबादलों को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version