N1Live Entertainment ‘पेड्डी’ के सेट पर चोट लगने की अफवाह पर मेकर्स का स्पष्टीकरण, राम चरण पूरी तरह ठीक
Entertainment

‘पेड्डी’ के सेट पर चोट लगने की अफवाह पर मेकर्स का स्पष्टीकरण, राम चरण पूरी तरह ठीक

Makers clarify rumours of injury on the sets of 'Peddi', Ram Charan is completely fine

27 मार्च । बुची बाबू सना की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग के दौरान अभिनेता राम चरण की बाईं आंख में लगी मामूली चोट को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर मेकर्स का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि राम चरण एकदम ठीक हैं और गुरुवार से फिल्म की शूटिंग फिर से शुरू हो जाएगी।

फिल्म के मेकर्स ने इन अफवाहों पर स्पष्ट रूप से सफाई दी है। आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “हम ‘पेड्डी’ के सेट पर हुई एक छोटी सी घटना के बारे में हाल ही में चल रही चर्चाओं पर जानकारी देना चाहते हैं। हम सभी को आश्वस्त करना चाहते हैं कि राम चरण गारू पूरी तरह ठीक हैं और उनका स्वास्थ्य भी अच्छा है। सेट पर रहते हुए उनकी बाईं आंख में मामूली चोट लग गई थी, जिसके लिए एक छोटा सा प्रोसीजर किया गया। वह गुरुवार से बिना किसी रुकावट के शूटिंग फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं।”

मेकर्स ने आगे कहा, “हम सभी की चिंता की सराहना करते हैं, लेकिन घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सब कुछ अच्छे से मैनेज किया गया है और प्रोडक्शन का काम सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है।”

‘पेड्डी’ में राम चरण और जान्हवी कपूर लीड रोल में हैं। इसके अलावा, फिल्म में शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे एक्टर्स भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन और अन्य तकनीकी पक्ष भी मजबूत है। आर. रत्नवेलु सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं, नवीन नूली एडिटिंग कर रहे हैं और अविनाश कोल्ला ने सेट डिजाइन किए हैं।

फिल्म ‘पेड्डी’ को बुची बाबू सना ने लिखा और डायरेक्ट किया है। संगीत ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने दिया है।

वहीं, वेंकट सतीश किलारू ‘वृद्धि सिनेमाज’ के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। मैत्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स इसे प्रस्तुत कर रहे हैं।

फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Exit mobile version