N1Live Entertainment मराठी बीट, जबरदस्त हुकस्टेप और ईशा-गुरमीत की जोड़ी… ‘नखरे’ में मिलेगा फुल एंटरटेनमेंट
Entertainment

मराठी बीट, जबरदस्त हुकस्टेप और ईशा-गुरमीत की जोड़ी… ‘नखरे’ में मिलेगा फुल एंटरटेनमेंट

एक्ट्रेस ईशा मालवीय एक बार फिर सिंगर और हिटमेकर संजू राठौड़ के साथ नजर आने वाली हैं। दोनों अपकमिंग मराठी ट्रैक ‘नखरे’ के लिए दोबारा साथ आए हैं। इस गाने में ईशा के साथ एक्टर गुरमीत चौधरी भी नजर आएंगे। गाने को लेकर ईशा ने कहा कि शूटिंग के दौरान हमें काफी मजा आया। इसमें यूथफुल अंदाज, मराठी म्यूजिक का टच और कैची हुकस्टेप देखने को मिलेंगे।

ईशा ने ‘नखरे’ के बारे में बात करते हुए कहा, ”नखरे में बहुत मजेदार और यूथफुल वाइब है। इस गाने के लिए संजू के साथ दोबारा काम करना मेरे लिए बहुत खास रहा। मुझे गाने का मराठी साउंड भी काफी पसंद आया। गुरमीत और मैंने इसकी शूटिंग के दौरान काफी एंजॉय किया, खासकर हुकस्टेप करते हुए। मैं बहुत खुश हूं कि आखिरकार गाना रिलीज हो गया है और अब लोग इसे एंजॉय कर सकते हैं।”

गाने का म्यूजिक एनर्जी से भरपूर है। इसमें ईशा और गुरमीत के बीच एक फ्रेश केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। दोनों एनर्जेटिक अंदाज में डांस करते नजर आ रहे हैं।

गुरमीत चौधरी ने भी गाने की शूटिंग के अनुभव को शेयर किया। उन्होंने कहा, ”नखरे की एनर्जी काफी अलग है और इस गाने की शूटिंग करना वाकई बहुत मजेदार रहा। संजू ने इसमें अपना मराठी स्टाइल जोड़ा है, जिसकी वजह से गाना काफी फ्रेश लगता है। ईशा और मैंने इसकी शूटिंग के दौरान काफी मस्ती की। मैं काफी एक्साइटेड हूं कि अब दर्शक इस गाने को देख पाएंगे।”

गाने को संजू राठौड़ ने तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इस गाने पर काम करना उनके लिए काफी मजेदार अनुभव रहा। संजू ने कहा, ”नखरे का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत मजेदार रहा। मुझे इस ट्रैक में अपना मराठी साउंड लाने और इतनी एनर्जेटिक बीट वाले गाने पर काम करने में बहुत मजा आया। इसका हुकस्टेप इसे और भी मजेदार बनाता है और मैं गाने के फाइनल रिजल्ट से काफी खुश हूं। उम्मीद है कि लोगों को भी यह गाना पसंद आएगा।”

‘नखरे’ अपकमिंग फिल्म ‘तुम मेरे हो’ का हिस्सा है, जो 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Exit mobile version