N1Live National फर्रुखाबाद में भीषण अग्निकांड: 15 घर जलकर खाक, कई मवेशी जिंदा जले
National

फर्रुखाबाद में भीषण अग्निकांड: 15 घर जलकर खाक, कई मवेशी जिंदा जले

Massive fire in Farrukhabad: 15 houses gutted, several cattle burnt alive

19 अप्रैल । यूपी के फर्रुखाबाद जनपद के कंपिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथरामई में रविवार को भीषण अग्निकांड ने पूरे गांव को दहला दिया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक घटना में कई मवेशी जिंदा जल गए, जबकि भारी मात्रा में अनाज, नकदी और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी और हाहाकार मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ऋषिपाल पुत्र उधो उस समय खेतों में फसलों की सिंचाई कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनकी झोपड़ी में अचानक आग लग गई। जब तक परिवार और ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग ने भयानक रूप ले लिया और किसी को भी सामान सुरक्षित निकालने का मौका नहीं मिल सका। इस अग्निकांड में ऋषिपाल की दो भैंसें और एक भैंस का बच्चा जिंदा जल गया, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। इसके अलावा, तीन बकरियां भी आग की भेंट चढ़ गईं। इतना ही नहीं, उनकी मोटरसाइकिल, करीब 40 हजार रुपए की नकदी और लगभग 100 पैकेट गेहूं भी जलकर नष्ट हो गए। वहीं उनके पिता उधो की भी एक भैंस और तीन बकरियां इस हादसे में जिंदा जल गईं।

आग की चपेट में अन्य ग्रामीण भी बुरी तरह प्रभावित हुए। गांव निवासी जसवीर पुत्र ओमपाल का ट्रैक्टर और थ्रेसर जलकर खाक हो गया। साथ ही, सैकड़ों पैकेट गेहूं भी नष्ट हो गए। खिलाड़ी पुत्र उधो की झोपड़ी समेत करीब 40 बोरी गेहूं और घरेलू सामान जल गया। टीकाराम सहित कई अन्य ग्रामीणों की झोपड़ियां भी जलकर राख हो गईं, जिनमें रखा अनाज, भूसा और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।

सुखराम, मुलायम, सुखबीर, श्यामाचरण, अमरीश मिश्रा, नन्हे, सूरजपाल, अनिल समेत कई परिवार इस अग्निकांड से प्रभावित हुए हैं। कुल मिलाकर एक दर्जन से अधिक परिवारों की आजीविका इस भीषण आग में तबाह हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम जैसा माहौल बन गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने समर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पथरामई में करीब 15 झोपड़ियों में आग लगी थी, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई। अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जली हुई संपत्ति और प्रभावित पशुओं का आकलन कर रही है।

Exit mobile version