February 7, 2026
National

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर ने बस को मारी टक्कर, हादसे में 6 लोगों की मौत

Mathura: Container collides with bus on Yamuna Expressway, 6 people killed in the accident.

7 फरवरी)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। यह घटना देर रात मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में हुई। जिला प्रशासन ने बस ड्राइवर को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि छह लोग कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हुआ था, जिसका इलाज के बाद वह खतरे से बाहर है।

जिलाधिकारी ने घटना के लिए बस चालक को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि बस ड्राइवर ने गलत तरीके से यमुना एक्सप्रेसवे पर बस को खड़ा किया था। कुछ लोग शौचालय के लिए उतरे थे। इस बीच कुछ लोग बस के आगे खड़े थे। पीछे से एक कंटेनर ने टक्कर मारी, जिसके कारण 6 लोग बस के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतकों में से पांच की पहचान हुई है और उनके परिजनों को रात में ही सूचना दी गई, जो अभी यहां आ चुके हैं। इस घटना में पूरा प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। मामले में बस और कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा।

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि थाना सुरीर क्षेत्र में रात करीब 2:45 बजे यमुना एक्सप्रेस के माइलस्टोन 88 के पास एक बस सड़क किनारे रुकी। यह बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। तभी रास्ते में कुछ यात्री टॉयलेट करने के लिए नीचे उतरे। उसी समय, एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी और पास खड़े यात्रियों को भी टक्कर लगी। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

एसएसपी ने कहा कि घायल का बेहतर से बेहतर इलाज कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service