July 6, 2026
Entertainment

‘अल्लाह खुशियां और अनगिनत दुआएं दें’, इरफान पठान ने आमिर खान को दी तीसरी शादी की बधाई

“May Allah grant happiness and countless blessings”—Irfan Pathan congratulates Aamir Khan on his third marriage.

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता आमिर खान ने रविवार को गौरी स्प्रेट के साथ शादी कर ली। आमिर की यह तीसरी शादी है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने आमिर को उनकी तीसरी शादी की बधाई दी।

इरफान पठान ने एक्स पर लिखा, “प्रिय आमिर भाई और गौरी, आपकी शादी पर बहुत-बहुत बधाई। आप दोनों को जिंदगी भर प्यार, खुशी, हंसी और साथ की दुआएं। अल्लाह आपके इस खूबसूरत सफर में कभी न खत्म होने वाली खुशियां और अनगिनत दुआएं दे। आप दोनों के लिए बहुत खुश हूं, एक बार फिर बधाई।”

पठान ने एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें आमिर खान और गौरी कानूनी रूप से एक दूसरे को पति और पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में अंत में आमिर अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए भी दिख रहे हैं। बेहद सादगी भरी इस शादी में आमिर के परिवार के लोग और बेहद करीबी मित्र उपस्थित थे।

आमिर खान की यह तीसरी शादी है। कपल ने मुंबई में एक्टर के बांद्रा वाले घर पर अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन पूरा किया। 61 साल के आमिर और 47 साल की गौरी ने शादी के कागजात पर साइन किए। इस साल की शुरुआत में कपल ने अपने रिश्ते को कन्फर्म किया था। आमिर ने बताया था कि वे एक-दूसरे को लगभग 25 साल से जानते थे, लेकिन उन्होंने दो साल पहले ही डेटिंग शुरू की थी।

दिग्गज अभिनेता ने अपनी पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी। इस शादी से उनके 2 बच्चे-जुनैद और इरा हैं। 2002 में आमिर और रीना का तलाक हो गया था। आमिर ने 2005 में किरण राव से शादी की थी। इस शादी से उन्हें एक बेटा है, जिसका नाम आजाद राव खान है। आमिर ने किरण से 2021 में तलाक ले लिया था।

Leave feedback about this

  • Service