N1Live National मेरठ: पुलिस मुठभेड़ में 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
National

मेरठ: पुलिस मुठभेड़ में 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Meerut: Criminal with ₹5,000 bounty arrested in police encounter; shot in the leg.

मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में मोबाइल चोर गैंग ‘शरद गोस्वामी गिरोह’ का सक्रिय सदस्य और राजस्थान पुलिस का 5 हजार रुपए का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ मोहमकपुर पुलिया के पास रेलवे लाइन किनारे हुई। पुलिस रात में गश्त कर रही थी, तभी रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में छिपा एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अनस पुत्र चुन्नन कुरैशी निवासी मकबरा डिग्गी, थाना रेलवे रोड, मेरठ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और मोबाइल लूट व चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। वह लूटे और छीने गए मोबाइल फोन को बांग्लादेश और नेपाल में बेचने के नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ था। आरोपी राजस्थान के जयपुर में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था और राजस्थान पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। इसके अलावा मेरठ के विभिन्न थानों में भी उसके खिलाफ चोरी, लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस पूरे मामले पर ब्रह्मपुरी सीओ राम प्रकाश ने बताया, “टीपीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के दौरान मोहमकपुर पुलिया रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में छुपा हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस द्वारा उसे टोका गया तो उसने जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी है। घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।”

Exit mobile version