N1Live National विश्व पर्यावरण दिवस पर गुजरात में वृक्षारोपण का संदेश, सीएम भूपेंद्र पटेल ने जन आंदोलन बनाने की अपील
National

विश्व पर्यावरण दिवस पर गुजरात में वृक्षारोपण का संदेश, सीएम भूपेंद्र पटेल ने जन आंदोलन बनाने की अपील

Message of tree plantation in Gujarat on World Environment Day, CM Bhupendra Patel appealed to make it a mass movement

5 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने लोगों से पेड़ लगाने के साथ-साथ उन्हें बड़ा करने, पानी बचाने और पेट्रोल की खपत कम करने का भी आग्रह किया।

भूपेंद्र पटेल ने कहा कि पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर निभानी चाहिए। उन्होंने वृक्षारोपण को केवल एक कार्यक्रम न मानते हुए इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता का दर्जा दिया गया है। पेड़-पौधों, नदियों और पहाड़ों की पूजा हमारी जीवनशैली का हिस्सा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ग्रीन ग्रोथ’ और ‘मिशन लाइफ’ के विजन को अपनाकर गुजरात नवीकरणीय ऊर्जा, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, अधिक पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने और प्लास्टिक मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज किए गए प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी को हरा-भरा और रहने योग्य बनाए रखेंगे।

वहीं, राजकोट में भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर लोगों को पौधे वितरित किए गए।

कार्यक्रम की आयोजक निशा चावड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि राजकोट के अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पौधे लेने पहुंचे।

उन्होंने बताया कि एक सामाजिक संस्था की ओर से 5 हजार से अधिक फलदार और अन्य प्रजातियों के पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए। पौधे प्राप्त करने और उन्हें लगाने के लिए लोगों में काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण से जोड़ना था।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांधीनगर स्थित बीएसएफ कैंपस में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में बीएसएफ के डीआईजी प्रखर त्रिवेदी, अजय सूर्यवंशी और आईपीएस अधिकारी अभिषेक पाठक ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर बीएसएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।

बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के तहत बल द्वारा विभिन्न स्थानों पर कुल 6,750 पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और हरित आवरण बढ़ाने के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जवानों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

Exit mobile version