नई दिल्ली, अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी पेशेवर फुटबॉल में 900 गोल करने वाले इतिहास के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए। मेसी ने नैशविले एससी के खिलाफ इंटर मियामी के कॉनकाकाफ चैंपियंस कप मैच में अपना ऐतिहासिक गोल किया। हालांकि इस गोल के बावजूद मेसी की टीम कॉनकाकाफ चैंपियंस कप से बाहर हो गई।
मेसी ने नैशविले के खिलाफ कॉनकाकाफ चैंपियंस कप के आखिरी-16 के दूसरे लेग के मैच में जियोडिस पार्क में अपने प्रोफेशनल करियर का 900वां गोल किया। यह गोल उन्होंने मैच के 7वें मिनट में किया। अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी ने अपना आठवां कॉनकाकाफ चैंपियंस कप गोल किया और इंटर मियामी के लिए दो गोल में असिस्ट भी कर चुके हैं।
मेसी अब क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ 900 या उससे ज्यादा गोल करने वाले दुनिया के मात्र दूसरे फुटबॉलर हो गए हैं। रोनाल्डो ने सितंबर 2024 में क्रोएशिया के खिलाफ पुर्तगाल के लिए खेलते हुए अपने 900 गोल पूरे किए थे।
38 साल के अर्जेंटीना के स्ट्राइकर मेसी ने राष्ट्रीय टीम के अलावा मियामी, एफसी बार्सिलोना, पेरिस सेंट-जर्मेन के लिए गोल किए हैं। मेसी ने आठ बार बैलन डी’ओर जीता है। 2012 में, उन्होंने एक कैलेंडर साल में सबसे ज्यादा गोल (91) करने का रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें बार्सिलोना के लिए 79 और अर्जेंटीना के साथ 12 गोल थे। वह सिर्फ 123 मैचों में 100 चैंपियंस लीग गोल करने वाले सबसे तेज खिलाड़ी भी हैं।
मेसी के ऐतिहासिक गोल के बावजूद, इंटर मियामी कॉनकाकाफ चैंपियंस कप से बाहर हो गई क्योंकि कुल स्कोर 1-1 से बराबर रहा, लेकिन नैशविले अवे गोल नियम से आगे बढ़ गया। पहले लेग में गोललेस ड्रॉ के साथ, नैशविले एससी को अगर अवे गोल करने का मौका मिलता तो थोड़ी बढ़त मिल जाती।
मेसी ने सातवें मिनट में ब्रायन श्वाके को छकाते हुए बाएं पैर से शॉट मारकर इंटर मियामी को कुल स्कोर पर 1-0 से आगे कर दिया। विजिटर्स ने 74वें मिनट में क्रिस्टियन एस्पिनोजा के गोल की मदद से बराबरी की।
नैशविले एससी क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया, जिससे कॉनकाकाफ चैंपियंस कप में क्लब के लिए एक नया सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बना।

