January 21, 2026
National

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता उत्साहित: अजय आलोक

Millions of BJP workers are excited over Nitin Nabin becoming the national president: Ajay Alok

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने मंगलवार को नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

अजय आलोक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “नितिन नबीन ने युवा ऊर्जा और जोश के साथ बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए भाजपा की कमान संभाली है। एक युवा जोश निश्चित रूप से पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता इससे बहुत उत्साहित हैं। भाजपा वह पार्टी है, जो राजनीति को एक नई दिशा दिखाती रही है। नितिन नबीन आज पार्टी को उसी दिशा में आगे लेकर जाने का काम करेंगे।”

उन्होंने नितिन नबीन द्वारा आगामी राज्यों में होने वाले चुनाव की तैयारी को लेकर दिए बयान पर कहा, “चुनावी राज्यों में अलग-अलग डेमोग्राफी है और अलग-अलग चुनौतियां हैं। नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा नई चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार है। लगातार संघर्षों का नतीजा होगा कि हम वैसी जगह पर भी जीत दर्ज करेंगे, जहां पर कोई सोचता नहीं था। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केरल में भी इस बार कमल खिलेगा।”

भाजपा प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अवैध प्रवासियों को भारत के लिए बड़ी चुनौती बताए जाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “कुछ जिलों में भारत की डेमोग्राफी बदली है। पश्चिम बंगाल के बॉर्डर पर हम देख रहे हैं कि बांग्लादेशी भाग रहे हैं। दिसंबर 2025 तक दिल्ली पुलिस ने 1200 बांग्लादेशियों को डिपोर्ट किया है। ये आंकड़े सिर्फ दिल्ली के हैं। इससे पता चलता है कि ये कितनी बड़ी समस्या हो चुके हैं। यह हमारे संसाधनों पर हक जमा रहे हैं। ये हमारे वोटर लिस्ट में आ चुके हैं, जिसको एसआईआर के माध्यम से सही किया जा रहा है, और वे भाग रहे हैं। यह कार्रवाई बिना रुके हमेशा जारी रहेगी।”

उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने बिल्कुल सही कहा कि हमने कांग्रेस का वंश मॉडल देख लिया है। लोगों ने भाजपा का मॉडल भी देखा है। यही कारण है कि कई राज्यों में सरकारें रिपीट होती रही हैं। यह इस बात का सबूत है कि भाजपा के प्रति लोगों का आकर्षण और विश्वास बढ़ा है। सरकार को जनता के लिए काम करना चाहिए, जिसे जनता समझती है। भाजपा के लिए जनता ही सर्वोपरि है।”

Leave feedback about this

  • Service