N1Live National मोना सिंह ने समझाया लोकप्रियता का असली मतलब, कहा- ‘ट्रेंड से ज्यादा लंबा असर छोड़ता है यादगार किरदार’
National

मोना सिंह ने समझाया लोकप्रियता का असली मतलब, कहा- ‘ट्रेंड से ज्यादा लंबा असर छोड़ता है यादगार किरदार’

Mona Singh explains the true meaning of popularity, saying, "A memorable character leaves a longer impact than a trend."

4 फरवरी। आज बदलते दौर में लोकप्रियता का पैमाना सोशल मीडिया ट्रेंड और वायरल कंटेंट बन गया है। इस पर अभिनेत्री मोना सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सच्ची प्रासंगिकता अब भी दमदार अभिनय और यादगार किरदारों से ही आती है।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू के दौरान अपने लंबे करियर को याद करते हुए मोना सिंह ने कहा, ”कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो दर्शकों के दिल और दिमाग में हमेशा के लिए बस जाते हैं। लोकप्रिय टीवी शो ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इस शो में मेरा किरदार जस्सी आज भी लोगों को उतना ही याद है, जितना सालों पहले था। यही कलाकार की असली कमाई होती है, जब दर्शक उन्हें उनके किरदार के नाम से पुकारते हैं।”

मोना सिंह ने कहा, ”आज के समय में भी यादगार अभिनय की अहमियत खत्म नहीं हुई है। अगर किसी कलाकार का काम लोगों के दिल को छू जाता है, तो वह सोशल मीडिया ट्रेंड से कहीं ज्यादा लंबा असर छोड़ता है।”

उन्होंने कहा, ”इंडस्ट्री में प्रासंगिक बने रहने के लिए सबसे जरूरी चीज है खुद को लगातार चुनौती देना। एक ही तरह के किरदार बार-बार निभाना किसी भी कलाकार के लिए न तो रोमांचक होता है और न ही विकास का रास्ता खोलता है। कलाकार को अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर नए तरह के रोल अपनाने चाहिए, चाहे उनमें जोखिम ही क्यों न हो।”

मोना ने कहा, ”असली ग्रोथ तभी होती है जब कलाकार अनजाने रास्तों पर चलने की हिम्मत करता है। नए माध्यम, नई कहानियां और अलग तरह के किरदार कलाकार को न केवल बेहतर बनाते हैं, बल्कि दर्शकों से भी नया रिश्ता जोड़ते हैं। प्रयोग से डरना कलाकार की रचनात्मकता को सीमित कर देता है।”

मोना सिंह इन दिनों अपनी आने वाली सीरीज ‘कोहरा 2’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इस सीरीज का प्रीमियर 11 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर होने जा रहा है। इसमें उनके साथ अभिनेता बरुण सोबती अहम किरदार में नजर आएंगे।

Exit mobile version