N1Live National मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, दिल्ली की जनता बोली- ‘महंगाई का एक और बोझ, तोड़ी जा रही आम लोगों की कमर’
National

मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, दिल्ली की जनता बोली- ‘महंगाई का एक और बोझ, तोड़ी जा रही आम लोगों की कमर’

मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह कीमतें गुरुवार सुबह से लागू हुई हैं। इस पर दिल्ली की जनता ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यह लोगों पर एक और बोझ डाल रहा है।

एक स्थानीय व्यक्ति ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “हर चीज की कीमतें बढ़ रही हैं, इसलिए यह बढ़ोतरी कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। 2 से 4 रुपए की बढ़ोतरी से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। बस क्वालिटी अच्छी होनी चाहिए। मदर डेयरी की क्वालिटी अच्छी है, इसलिए इससे कोई खास असर नहीं पड़ेगा। आम लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी।”

उन्होंने कहा कि लोगों को इस ब्रांड पर भरोसा है, इसलिए इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता। हर चीज की कीमतें बढ़ रही हैं। क्वालिटी अच्छी होनी चाहिए। कीमत उतनी मायने नहीं रखती, लेकिन वह उचित होनी चाहिए। किसी भी उत्पाद में कोई मिलावट नहीं होनी चाहिए।

व्यक्ति ने कहा कि दूध महंगा होने से कुछ और चीजों की कीमत भी बढ़ेगी, क्योंकि इससे कई तरह के प्रोडक्ट बनते हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि 2-4 रुपए की कीमत बढ़ने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन क्वालिटी अच्छी होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “कीमत बढ़ने के बाद भी क्वालिटी ठीक नहीं मिलेगी तो मुश्किल होगी।”

एक महिला ने कहा कि दूध हर व्यक्ति की जरूरत है। यह बच्चों और पूरे परिवार के लिए चाहिए होता है। जो कीमतें बढ़ेंगी, वो देनी ही पड़ेगी। धीरे-धीरे करके दूध की कीमतें काफी बढ़ चुकी हैं, जिसका असर आम लोगों पर होता है। इससे किसी भी दल और सरकार को फर्क नहीं पड़ता है। इसका असर सीधे जनता पर होता है।

एक और स्थानीय निवासी ने कहा, “अमूल ने पहले ही अपने दाम बढ़ा दिए थे और अब मदर डेयरी ने भी कीमतें बढ़ा दी हैं। इस बार तो बढ़ोतरी काफी ज्यादा लग रही है। पहले कीमतें एक बार में 1 रुपये बढ़ती थीं, लेकिन अब सीधे 4 रुपए बढ़ा दी गई हैं।”

उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यह लोगों पर एक और बोझ डाल रहा है। सरकार को इसे नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए। इस पर कोई नीति जरूर होनी चाहिए, क्योंकि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को दूध की जरूरत होती है। यह सबकी जरूरत है, इसलिए सरकार को इसकी कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई नीति बनानी चाहिए।

एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा, “मैं अपने नजदीक में मदर डेयरी से टोकन और पैकेट का दूध लेता हूं। मदर डेयरी ने पैकेट और खुले दूध, दोनों के दामों में बढ़ोतरी की है। आम जनता की कमर तोड़ी जा रही है। यह बिल्कुल भी ठीक नहीं है।”

Exit mobile version