June 27, 2026
National

दिल्ली एयरपोर्ट पर बहु-एजेंसी आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल, सुरक्षा तैयारियों का लिया गया जायजा

Multi-agency counter-terrorism mock drill at Delhi Airport; security preparedness assessed.

27 जून । राष्ट्रीय राजधानी स्थित दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानन सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा किसी भी संभावित आतंकवादी खतरे से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से एक व्यापक आतंकवाद-रोधी (काउंटर-टेररिस्ट) मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। यह अभ्यास बीएसएफ हैंगर, दिल्ली एयरपोर्ट पर किया गया, जिसमें विभिन्न सुरक्षा और आपातकालीन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पहले से निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल की प्रभावशीलता को परखना, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, वास्तविक समय में संकट प्रबंधन की क्षमता को मजबूत करना और विमानन सुरक्षा से जुड़े उभरते खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए सामूहिक तैयारियों को और सुदृढ़ बनाना था।

अभ्यास के दौरान संभावित आतंकवादी हमले और उससे उत्पन्न आपात स्थिति से निपटने के विभिन्न परिदृश्यों का अभ्यास किया गया। इसमें सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया, यात्रियों की सुरक्षा, क्षेत्र की घेराबंदी, संदिग्ध वस्तुओं की जांच, बम निरोधक कार्रवाई तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता जैसी प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया।

इस संयुक्त अभ्यास में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), बम निरोधक एवं निपटान दस्ते (बीडीडीएस), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), दिल्ली अग्निशमन सेवा, चिकित्सा प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित हितधारकों सहित कुल 183 कर्मियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

शनिवार को सीआईएसएफ के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया गया, “समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र और ऑपरेशनल तैयारी का आकलन करने के लिए सीआईएसएफ यूनिट दिल्ली एयरपोर्ट पर एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस ड्रिल में सीआईएसएफ, दिल्ली पुलिस, एनएसजी, बीडीडीएस, डीएफएस, डीजीसीए, मेदांता और एयरपोर्ट से जुड़े अन्य लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और तय आपातकालीन प्रक्रियाओं के अनुसार समन्वित तरीके से प्रतिक्रिया दी। इससे अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत हुआ, सुरक्षा प्रोटोकॉल की पुष्टि हुई और संकट के समय तेजी से और प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी और बेहतर हुई।”

पूरे अभ्यास का संचालन और निगरानी डिप्टी कमांडेंट पीएस राठौर और डिप्टी कमांडेंट धर्मवीर साई के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सभी एजेंसियों के बीच उत्कृष्ट तालमेल और समन्वय देखने को मिला, जिसने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की संयुक्त क्षमता को प्रदर्शित किया।

सीआईएसएफ ने कहा कि सीआईएसएफ सतर्कता, सटीकता और बेहतर तालमेल के साथ एविएशन के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave feedback about this

  • Service