June 25, 2025
Entertainment

स्वर्णिम धरोहर लता सम्मान 2025-26 से सम्मानित होंगे संगीतकार उत्तम सिंह

Musician Uttam Singh will be honored with the Golden Heritage Lata Samman 2025-26

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वर्णिम धरोहर लता फाउंडेशन ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रतिष्ठित स्वर्णिम धरोहर लता सम्मान प्रख्यात संगीतकार उत्तम सिंह को प्रदान करने की घोषणा की है।

यह सम्मान भारत रत्न, स्वर कोकिला लता मंगेशकर की स्मृति में शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य उनकी संगीतमय विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

फाउंडेशन के संस्थापक मनोज कुमार शर्मा ने बताया, “उत्तम सिंह पिछले 63 वर्षों से भारतीय फिल्म संगीत जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने नौशाद अली जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ 35 वर्षों तक म्यूजिक अरेंजर के रूप में काम किया और उत्तम-जगदीश जोड़ी के रूप में कई फिल्मों में यादगार संगीत दिया।”

लता मंगेशकर के कई कभी न भूल पाने वाले गीतों में उत्तम सिंह का म्यूजिक अरेंजमेंट और संगीत निर्देशन शामिल है। शर्मा ने कहा, “यह सम्मान देकर फाउंडेशन स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेगा।”

स्वर्णिम धरोहर लता सम्मान की शुरुआत साल 2024 में हुई थी। पिछले साल यह सम्मान मरणोपरांत गायक भूपिंदर सिंह को प्रदान किया गया, जिसे उनकी पत्नी मिताली सिंह ने रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में ग्रहण किया।

इस पुरस्कार के तहत विजेता को 1,21,000 रुपए की मानद राशि, प्रशस्ति पत्र और 7 किलो की कांस्य निर्मित लता मंगेशकर की प्रतिमा भेंट की जाती है।

मनोज कुमार शर्मा ने बताया, “लता मंगेशकर के प्रति गहरी श्रद्धा और संगीत के प्रति जुनून ने उन्हें इस फाउंडेशन की स्थापना के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लता जी की रचनाओं और उनसे संबंधित साहित्य का गहन अध्ययन किया है। फाउंडेशन भारतीय संगीत की धरोहर को संजोने और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्यरत है।

Leave feedback about this

  • Service