N1Live Entertainment कीमोथेरेपी के तुरंत बाद ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ के ट्रेलर लॉन्च में पहुंचीं नफीसा अली, बोलीं- ‘सबके प्यार ने सारी थकान भुला दी’
Entertainment

कीमोथेरेपी के तुरंत बाद ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ के ट्रेलर लॉन्च में पहुंचीं नफीसा अली, बोलीं- ‘सबके प्यार ने सारी थकान भुला दी’

Nafisa Ali attended the trailer launch of 'Max, Min and Meowzaki' immediately after chemotherapy, saying, "Everyone's love made me forget all the fatigue."

वरिष्ठ अभिनेत्री नफीसा अली लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग लड़ रही हैं, बावजूद इसके वह लगातार काम भी कर रही हैं। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ के ट्रेलर लॉन्च से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। नफीसा ने बताया कि वह कीमोथेरेपी का एक सेशन पूरा करने के तुरंत बाद फिल्म के ट्रेलर लॉन्च में शामिल हुई थीं। उस समय उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं थी, लेकिन फिल्म की टीम और सह-कलाकारों के प्यार और अपनापन ने उनकी सारी थकान दूर कर दी।

नफीसा अली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा करते हुए इस अनुभव के बारे में विस्तार से लिखा। उन्होंने बताया कि ट्रेलर लॉन्च में शामिल होने के लिए उन्हें काफी शारीरिक तकलीफों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने लिखा, “मुंबई में ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अपनी पूरी टीम और कलाकारों के साथ होना बेहद शानदार अनुभव रहा। मैंने हाल ही में कीमोथेरेपी पूरी की थी। फ्लाइट के लिए अगले दो दिनों तक मुझे दो बोन इम्यूनिटी इंजेक्शन लेने पड़े। इसके अलावा पेट में संक्रमण की वजह से मैं एंटीबायोटिक दवाइयां भी ले रही थी। यह सब काफी थकाने वाला था, लेकिन वहां सभी का प्यार, अपनापन और खुशियों से भरा माहौल मुझे बेहद अच्छा लगा। इसने मुझे बहुत खुश कर दिया।”

बता दें कि 10 जुलाई को फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ का ट्रेलर रिलीज किया गया। ट्रेलर में प्यार, रिश्तों की उलझन, दिल टूटने के दर्द और दोबारा उम्मीद मिलने की कहानी दिखाई गई।

फिल्म में मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन, मंदिरा बेदी, नासिर, नफीसा अली और विधात्री बंदी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी मैक्स और मिन नाम के एक युवा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका रिश्ता एक अहम मोड़ पर आकर टूटने की कगार पर पहुंच जाता है। रिश्ते के टूटने के बाद मैक्स की जिंदगी में ‘म्याऊजाकी’ की एंट्री होती है, जो उसे भावनात्मक सहारा देती है। इसके बाद फिल्म प्यार, बिछड़ने, अकेलेपन और खुद को फिर से संभालने की यात्रा को बेहद खूबसूरती से दिखाती है।

फिल्म का लेखन और निर्देशन पद्मकुमार नरसिम्हमूर्ति ने किया है। ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version