N1Live National मणिपुर में नागा-कुकी संघर्ष: पुलिस ने उखरुल से 51 कुकी छात्रों को निकाला
National

मणिपुर में नागा-कुकी संघर्ष: पुलिस ने उखरुल से 51 कुकी छात्रों को निकाला

Naga-Kuki clash in Manipur: Police evacuate 51 Kuki students from Ukhrul

17 फरवरी । पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में नागा और कुकी समुदायों के बीच तनाव जारी है। इस बीच पुलिस ने राज्य के नागा बहुल उखरुल जिले के एक स्कूल से कुकी आदिवासी समुदाय के 51 छात्रों को एहतियात के तौर पर निकाला है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि झड़पों और उसके बाद हुई हिंसा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।

उखरुल में 7 फरवरी से ही तंगखुल नागा जनजाति और कुकी समुदाय के सदस्यों के बीच हमले और जवाबी हमले जारी हैं और तनाव बढ़ा हुआ है। जिले के लिटान सारेइखोंग गांव में झड़पों के दौरान 30 से अधिक घर जला दिए गए।

इम्फाल के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उखरुल जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), रामवा से 51 कुकी विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाल लिया और उन्हें आगे जेएनवी कांगपोकपी ले जाने के लिए सैकुल पुलिस स्टेशन की टीम को सौंप दिया।

पुलिस अधिकारी ने एक बयान में कहा कि कुकी समुदाय के इन विद्यार्थियों में 20 लड़कियां और 31 लड़के शामिल हैं। उखरुल जिले में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण 18 विद्यार्थियों के कक्षा 10 और 12 के परीक्षा केंद्रों को जेएनवी कांगपोकपी में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनके साथ ही, एहतियात के तौर पर जेएनवी रामवा के शेष कुकी समुदाय के विद्यार्थियों को भी निकाल लिया गया।

बयान में आगे कहा गया कि विद्यार्थियों को निकाले की प्रक्रिया के दौरान, कुछ लोगों ने शुरू में छात्रों को उपद्रवी समझ लिया था, और विभिन्न स्थानीय संगठनों के सहयोग ने स्थिति को शांत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शांगशक, रामवा, शोकवाओ, टीएम कसम और एस. लाहो क्षेत्रों के ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के उनके प्रयासों से क्षेत्र में बढ़े तनाव के बावजूद छात्रों को लिटान पुलिस स्टेशन तक सुरक्षित पहुँचाया जा सका।

मणिपुर पुलिस ने सभी समुदायों से इस संवेदनशील समय में संयम बनाए रखने और अफवाहें न फैलाने की अपील की है।

हिंसा सबसे पहले 7 फरवरी को आदिवासी बहुल क्षेत्र में तब भड़की जब लिटान गांव में तंगखुल नागा समुदाय के एक सदस्य पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला किया। लिटान सारेइखोंग में जारी तनाव ने पिछले सप्ताह से इम्फाल-उखरुल सड़क पर सार्वजनिक परिवहन सहित वाहनों की आवाजाही को बुरी तरह प्रभावित किया है।

स्थिति में सुधार के संकेत मिलने के बाद, राज्य सरकार ने उखरुल जिले और कामजोंग और कांगपोकपी जिलों के कुछ हिस्सों में लगाए गए पांच दिवसीय इंटरनेट प्रतिबंध को हटा दिया।

नागा नेता और मणिपुर के उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है और साथ ही खेल और युवा भागीदारी को प्रोत्साहित कर रही है।

Exit mobile version