March 4, 2026
National

एनडीए के सांसदों ने विपक्ष पर लोकतंत्र का अपमान करने का लगाया आरोप

NDA MPs accuse opposition of insulting democracy

लोकसभा में विपक्षी सांसदों के स्पीकर ओम बिरला को हटाने की मांग को लेकर सियासत लगातार बढ़ती जा रही है। एनडीए के सांसदों ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग लोकतंत्र का अपमान कर रहे हैं। जिस तरह से वे एक के बाद एक मुद्दे को लेकर शोर कर रहे हैं, वह देश के लिए सही नहीं है।

केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कम से कम 20-25 कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुस गए और अभद्रता की। मैं भी वहीं था। स्पीकर बहुत नरम इंसान हैं, नहीं तो सख्त कार्रवाई होती। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी अंदर मौजूद थे, और वे उन्हें लड़ने के लिए उकसा रहे थे।”

भाजपा सांसद संजय जयसवाल ने कहा, “लोकसभा का अध्यक्ष पद बहुत सम्मानित होता है। जब से ओम बिरला लोकसभा के अध्यक्ष बने हैं, वे कभी भाजपा की किसी बैठक में नहीं आए ताकि उनकी निष्पक्षता बनी रहे। उन पर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं जो सही नहीं हैं। विपक्ष को इस तरह से लोकतंत्र और लोकसभा अध्यक्ष का अपमान नहीं करना चाहिए।”

संजय जायसवाल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रकाशक और पूर्व सेना प्रमुख नरवणे ने कह दिया कि किताब नहीं छपी है। राहुल गांधी की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। अब वह किताब को लेकर आए हैं, जिस पर शोर कर रहे हैं और भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं, जो सही नहीं है।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, “राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। जब नरवणे और प्रकाशक ने भी कह दिया कि किताब अप्रकाशित है, स्पीकर भी बार-बार यही कह रहे थे कि आप अप्रकाशित पुस्तक का उद्धरण नहीं दे सकते। ये सनसनी फैलाने के लिए ये सारी बातें कर रहे थे। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सरकार का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं।”

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष व सांसद मदन राठौड़ ने कहा, “राहुल गांधी कल्पना में जीते हैं। वे प्रतिष्ठा की हानि करने का प्रयास करते हैं। हम हमारे देश के नेतृत्व को पहचानते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के बारे में कोई इस प्रकार की बात करता है तो यह निंदनीय है।”

Leave feedback about this

  • Service