February 2, 2026
National

एनडीए के सांसदों ने बजट को सभी वर्गों के लिए बताया फायदेमंद, बोले- इससे देश का तेजी से होगा विकास

NDA MPs described the budget as beneficial for all sections of society and said it will accelerate the country’s development.

एनडीए के नेताओं ने केंद्रीय बजट को जनता के हित में बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से देश का विकास और तेजी से होगा। इसमें सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है।

बजट 2026 पर तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के सांसद लावु श्रीकृष्ण देवरायलु ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “पिछले 9-10 सालों से चल रही सभी योजनाओं को जारी रखा गया है। इसके अलावा, जल जीवन मिशन और आवास योजना के लिए बहुत बड़ा आवंटन किया गया है। ये सभी आम आदमी से जुड़े हैं। वित्त मंत्री ने अगले 10 सालों को ध्यान में रखा है और इस बात पर फोकस किया है कि भारत को कहां होना चाहिए।”

आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार करने पर उन्होंने कहा, “सब जानते हैं कि पाकिस्तान को कौन चलाता है। वहां कोई लोकतंत्र नहीं है। इसे सेना चलाती है, ऐसे कदम उठाकर और दूरी नहीं बढ़ानी चाहिए।”

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “बजट देखकर ऐसा लगता है कि ये 2026 का बजट नहीं है। ये विकसित भारत की बुनियाद है। ये विकसित भारत को सफल करने का रोडमैप है। जिस तरह से इस बजट में पूंजीगत व्यय को बढ़ाया है और राजस्व व्यय कम हुआ है, जहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर 2 लाख करोड़ था, आज वहां 12.2 लाख करोड़ है। देश की आजादी के बाद आधारभूत संरचना को सर्वाधिक विकास पर रखा गया है।”

भाजपा सांसद शशांक मणि ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल गांधी को खुद यह समझ नहीं आया होगा। पीएम मोदी ने हमें विकसित भारत के लिए 25 साल का लक्ष्य दिया है। आज हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और जल्द ही तीसरी बन जाएंगे। उनकी सरकार के दौरान हम 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थे, इसलिए मुझे लगता है कि यह एक ठोस बजट है, प्रेरणादायक और सबको साथ लेकर चलने वाला है।”

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बॉयकॉट करने पर उन्होंने कहा, “जब किसी खिलाड़ी को लगता है कि वे जीत नहीं सकते तो वे मैदान से भाग जाते हैं। वे ‘रणछोड़’ हैं, वे मैदान से भाग गए हैं। अगर आप किसी चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं तो आपको बिना किसी भेदभाव के खेलना चाहिए। हमने उन्हें ऑपरेशन सिंदूर और दूसरे युद्धों में हराया था। हम उन्हें यहां भी हरा देते, इसलिए वे खेल ही नहीं रहे हैं।”

केंद्रीय बजट पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा, “अगर राहुल गांधी से पूछ लिया जाए कि नॉमिनल जीडीपी क्या होता है तो वे हाथ खड़ा कर देंगे। यह बजट देश के भविष्य की आधारशिला रखने का बजट है। अगर हम सही अर्थों में बात करें तो पहले 5 साल हमने मूलभूत जरूरतों के लिए काम किया। दूसरे में हमने रोजगार उद्योग लगाने का काम किया। ये बजट हमारी उत्पादन श्रृंखला को तैयार करने का बजट है।”

केंद्रीय बजट पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, “यह एक प्रगतिशील बजट है। विपक्ष ने आज तक कुछ किया है? अगर हर जिले में लड़कियों के लिए छात्रावास खुलने की बात है तो बजट फेल हो गया? अगर विश्वविद्यालय खोलने की बात है, हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाने की बात है और वैश्विक परिस्थिति में अगर सरकार मान रही है कि देश का विकास होगा तो मेरे ख्याल से यह बेस्ट बजट है।”

Leave feedback about this

  • Service