N1Live National ग्वालियर में 25 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा के बीच होगी नीट, सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी निगरानी
National

ग्वालियर में 25 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा के बीच होगी नीट, सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी निगरानी

NEET to be held at 25 exam centers in Gwalior under police security; strict monitoring on social media as well.

देशभर में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर ग्वालियर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में परीक्षा के लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 5 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) धर्मवीर सिंह यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि यातायात व्यवस्था को भी इस तरह से संचालित किया जाएगा कि छात्रों और उनके अभिभावकों को केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।

एसएसपी ने कहा, “21 तारीख को ग्वालियर में 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। इंतजाम इस तरह किए गए थे कि नीट उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी परीक्षाओं में भी इसी तरह की व्यवस्थाएं लागू रहेंगी और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त तैयारियों के चलते परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया गया है और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए रखेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तक सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं।

एसएसपी ने बताया कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए साइबर टीमों को सक्रिय किया गया है।

उन्होंने नागरिकों और छात्रों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा से संबंधित कोई भी भ्रामक पोस्ट या संदेश सोशल मीडिया पर साझा न करें। यदि किसी को ऐसी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई देती है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

एसएसपी ने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर पुलिस का विशेष फोकस है। सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी परीक्षार्थी बिना किसी तनाव और परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकें।

Exit mobile version