July 31, 2026
National

बाबा महाकाल दर्शन के लिए पहुंचीं नेहा मर्दा, बोलीं- ये हमारी चौथी यात्रा है

Neha Marda visits Baba Mahakal for darshan; says, “This is our fourth visit.”

श्रावण कृष्ण पक्ष की द्वितीय तिथि पर बाबा महाकाल के दर पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। इस दौरान भक्तों ने गुरुवार देर रात से ही लाइन में लगकर अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन किए। बाबा महाकाल भी भक्तों को दर्शन देने के लिए सुबह 4 बजे जागे, जिनका पंचामृत अभिषेक करने के बाद आलौकिक श्रृंगार कर भस्म रमाई गई। भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया, जिससे पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के जयकारों से गुंजायमान हो गया।

विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की भव्य आरती में सम्मलित होने के लिए देश-विदेश से भी श्रद्धालु आते हैं। श्रावण के दूसरे दिन टेलीविजन इंडस्ट्री की अभिनेत्री नेहा मर्दा बाबा का आशीर्वाद लेने आईं। वे तड़के आयोजित हुई भस्म आरती में शामिल हुईं और नंदी हॉल में बैठकर शिव भक्ति में लीन नजर आईं।

बाबा के अनन्य दर्शन के बाद अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा, “बाबा महाकाल के हमें बहुत अच्छे से दर्शन हुए। मैं मानती हूं कि सावन में आना लोगों के लिए आसान नहीं है और लोग अक्सर इस माह में आने के लिए हिचकिचाते हैं कि दर्शन कैसे होंगे, लेकिन मुझे लगता है कि यहां पर आना आपकी इच्छा पर निर्भर नहीं करता, बल्कि बाबा की इच्छा पर निर्भर करता है। अगर वह चाहें, तो संभव हो जाता है।”

अभिनेत्री ने बताया कि सावन में बाबा के दर्शन करना का कोई प्लान नहीं था, फिर भी इस साल यह उनकी चौथी यात्रा है। बाबा की कृपा से उनके सभी कार्य सफलतापूर्वक पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरे काम अभी बहुत अच्छे से हो रहे हैं और आगे भी बाबा की कृपा से कुछ अच्छा होने वाला है। वो आप सभी को तभी पता चलेगा और जैसा कि मैंने बताया कि यहां पर चार बार आ चुकी हूं, तो इसका मतलब अच्छा चल रहा और आगे भी कुछ नया होने वाला है।”

Leave feedback about this

  • Service