N1Live Entertainment ऐसा किरदार पहले कभी नहीं निभाया, वर्टिकल फॉर्मेट में काम करना भी रहा चुनौतीपूर्ण : विशाल आदित्य सिंह
Entertainment

ऐसा किरदार पहले कभी नहीं निभाया, वर्टिकल फॉर्मेट में काम करना भी रहा चुनौतीपूर्ण : विशाल आदित्य सिंह

Never played a character like this before; working in a vertical format was also challenging: Vishal Aditya Singh

टेलीविजन की दुनिया तेजी से बदल रही है। पहले दर्शक अपनी पसंदीदा कहानियों के लिए टीवी स्क्रीन का इंतजार करते थे, लेकिन अब मोबाइल फोन भी मनोरंजन का बड़ा जरिया बन चुका है। इसी बदलाव के बीच कहानियां भी नए अंदाज में पेश की जा रही हैं। वर्टिकल फॉर्मेट में बनने वाले शोज अब दर्शकों तक सीधे मोबाइल स्क्रीन के जरिए पहुंच रहे हैं।

अभिनेता विशाल आदित्य सिंह भी इसी नए तरीके की कहानी का हिस्सा बने हैं। वह इन दिनों अपने नए शो ‘दिल से दीवानगी तक’ को लेकर चर्चा में हैं। इसमें वह एक ऐसा किरदार निभा रहे हैं, जो उनके अब तक के निभाए किरदारों से काफी अलग है।

आईएएनएस से खास बातचीत में विशाल आदित्य सिंह ने कहा, “दिल से दीवानगी तक से जुड़ने के पीछे मेरे लिए सबसे बड़ी वजह इसका वर्टिकल फॉर्मेट था। मेरा यह वर्टिकल का पहला डेली सोप है और मैं यह देखना चाहता था कि मोबाइल स्क्रीन के लिए बनाई जा रही कहानी किस तरह अलग होती है। फोन आने वाले समय में भी हमारी जिंदगी का बहुत अहम हिस्सा बना रहेगा। ऐसे में मेरे लिए यह समझना जरूरी है कि इस माध्यम के लिए किस तरह की कहानियां बनाई जा रही हैं और उन्हें किस तरह दर्शकों के सामने पेश किया जाता है।”

विशाल ने कहा, ”जब मेरी शो को लेकर मीटिंग हुई और मैंने इसकी कहानी और काम करने का तरीका देखा, तो मुझे इसमें टीवी शो वाली कई अच्छी बातें नजर आईं। मुझे शो की कास्टिंग, कहानी और उसे पेश करने का तरीका पसंद आया। मुझे लगा कि भले ही यह वर्टिकल फॉर्मेट में बनाया जा रहा है, लेकिन इसमें टीवी शो जैसे इमोशन्स और कहानी की पकड़ मौजूद है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए मैंने इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का फैसला किया।”

विशाल ने आगे कहा, ”मैं इस शो में एक ऐसा किरदार निभा रहा हूं, जो मेरे अब तक के काम से पूरी तरह अलग है। मैंने इससे पहले कभी ऐसा रोल नहीं किया है। यही वजह है कि मैं इस भूमिका को लेकर उत्साहित भी हूं और इसे अपने लिए चुनौती भी मानता हूं।”

विशाल ने कहा, ”शो की कहानी में मेरे किरदार की एंट्री एक बड़े बदलाव के बाद होती है। पिछले सीजन में एक दूसरा लड़का कहानी का हिस्सा था। इसके बाद प्लास्टिक सर्जरी के जरिए कहानी में एक नया मोड़ आता है। मेरा किरदार देखने में नया है, लेकिन उसका संबंध पिछले सीजन की कहानी से ही है।”

उन्होंने कहा, ”किसी दूसरे कलाकार द्वारा निभाए गए किरदार से जुड़ी कहानी को आगे बढ़ाना और उसे अपने अंदाज में निभाना आसान नहीं है। मुझे एक तरफ नए किरदार की पहचान बनानी है और दूसरी तरफ उस किरदार के पुराने सफर को भी ध्यान में रखना है। मैंने पहले कभी किसी दूसरे कलाकार के किरदार को इस तरह आगे नहीं निभाया, इसलिए यह अनुभव मेरे लिए बिल्कुल नया है।”

विशाल आदित्य सिंह ने कहा, ”मुझे हमेशा ऐसे किरदार पसंद आते हैं, जिनमें मुझे खुद को एक कलाकार के तौर पर चुनौती देने का मौका मिले। मैं आसान और एक जैसे किरदारों को बार-बार निभाने के बजाय कुछ नया करना चाहता हूं। मेरे लिए अभिनय का मजा तभी है, जब कोई भूमिका मुझे अपनी सीमाओं से आगे जाने के लिए मजबूर करे। इसी सोच के चलते मैंने ‘दिल से दीवानगी तक’ को चुना।”

‘दिल से दीवानगी तक’ में विशाल आदित्य सिंह के साथ युक्ति कपूर, पीयूष सहदेव और आकांक्षा पुरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। शो का प्रीमियर 21 अप्रैल 2026 को ऑलराइट! टीवी पर हुआ।

Exit mobile version