February 12, 2026
National

नई दिल्ली : एनएच-9 पर कार और कंटेनर में टक्कर, दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

New Delhi: Two women killed, three injured in collision between car and container on NH-9

12 फरवरी । पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति और दो बच्चे घायल हो गए। हादसा गुरुवार सुबह विनोद नगर डिपो के सामने, एमसीडी टोल के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, गाजीपुर थाने को पीएसआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गाजियाबाद की ओर से आ रही एक किआ सेल्टोस कार टोल बूथ के पास खड़े एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा कंटेनर में जा घुसा।

हादसे में कार में सवार दो महिलाओं, दीपांजलि (38 वर्ष) और नीलम गर्ग (55 वर्ष), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे दीपांशु गर्ग इस दुर्घटना में घायल हो गए। उनके साथ कार में मौजूद दो छोटे बच्चे, विवान (5 वर्ष) और वाशु (3 वर्ष), भी घायल हुए हैं। तीनों को तुरंत इलाज के लिए मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम हाउस में रखे गए हैं। घायल खतरे से बाहर हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरूआती जांच में कार ड्राइवर को नींद लगने से हादसे की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की सही जानकारी जुटा रही है। घायलों से भी पूछताछ की जाएगी, जिससे हादसे की सही जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों को कोहरे और रात में धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक कर रही है, साथ ही लगातार रास्तों पर पुलिस गश्त भी कर रही है। पुलिस की तरफ से लगातार इसको लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Leave feedback about this

  • Service