अभिनेता शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ रिलीज के लिए तैयार हैं। मंगलवार को मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर शेयर कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर किया, जिसमें शाहरुख खान मुंह में गुलाब दबाए, हाथ में बंदूक लिए और आंखों में इंटेंस लुक के साथ नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर 24 दिसंबर 2026 की तारीख भी लिखी हुई है।
मेकर्स ने पोस्टर शेयर कर लिखा, “कातिल नहीं… आशिक हूं’।” सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ 1994 की फ्रेंच क्राइम फिल्म ‘लियोन: द प्रोफेशनल’ से प्रेरित बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म का टीजर शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 2 नवंबर 2026 को डिजिटल रूप से रिलीज किया जा सकता है।
फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी, जबकि मुख्य विलेन के किरदार में अभिषेक बच्चन हैं, जो एक डार्क और खतरनाक भूमिका में दिखेंगे। ऐसा पहली बार होगा जब शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म में अभिषेक बच्चन के अलावा दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, जैकी श्रॉफ, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का निर्माण गौरी खान, सिद्धार्थ आनंद और ममता आनंद द्वारा ‘रेड चिलीज एंटरटेनमेंट’ और ‘मार्फ्लिक्स पिक्चर्स’ के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म से जुड़ी बाकी जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं।
शाहरुख खान आखिरी बार 2023 में फिल्म ‘डंकी’ में नजर आए थे। यह फिल्म ‘डंकी’ नामक अवैध आप्रवासन की प्रक्रिया पर आधारित थी, जिसमें तापसी पन्नू, शाहरुख खान, बोमन ईरानी, अनिल ग्रोवर और विक्रम कोचर के साथ विक्की कौशल स्पेशल अपीयरेंस में थे। यह फिल्म 2023 की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म और आठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी थी।

