N1Live Entertainment निया और अंकिता ने बताया कैसे उनकी मां ने संवारा करियर
Entertainment

निया और अंकिता ने बताया कैसे उनकी मां ने संवारा करियर

Nia and Ankita reveal how their mothers shaped their careers

9 मई । ‘मदर्स डे’ आने से पहले टेलीविजन इंडस्ट्री की दो मशहूर अभिनेत्रियों, निया शर्मा और अंकिता लोखंडे, ने अपनी माताओं के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। कलर्स टीवी के लोकप्रिय शो ‘लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ का हिस्सा बनीं इन अभिनेत्रियों ने बताया कि कैसे उनकी माताओं ने उनके करियर और व्यक्तित्व को गढ़ा है।

अभिनेत्री निया शर्मा अपने बोल्ड लुक्स और बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। निया ने बताया कि उनका निडर स्वभाव मां की विरासत है। अभिनेत्री कहती हैं, “मैंने अपनी मां को जीवन की कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करते देखा है। उनकी वही हिम्मत आज मेरे आत्मविश्वास की नींव है।”

निया ने अपनी मां के साथ जुड़ा एक बेहद मजेदार किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि एक ट्रिप के दौरान वे एक ‘हॉप-ऑन हॉप-ऑफ’ बस में अपनी मां को खो बैठी थीं। निया और उनका परिवार परेशान होकर सबको अलर्ट कर रहा था, लेकिन घंटों बाद उनकी मां बस की छत पर आराम से बैठी शहर के वीडियो बनाती हुई मिलीं। निया कहती हैं, “वह अफरा-तफरी को भी यादगार पल में बदल देती हैं।”

दूसरी ओर अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने जीवन में ‘दो माताओं’ के होने को अपनी सबसे बड़ी खुशकिस्मती बताया। अंकिता ने कहा, “एक मां ने मुझे जन्म दिया, तो दूसरी मेरी सास ने मुझे अपनी बेटी की तरह अपनाकर एक नया घर और बिना शर्त प्यार दिया।”

अभिनेत्री ने आगे कहा, “मेरी दोनों मां मेरे दो स्तंभ हैं। हर दिन, मैं उन दोनों के लिए बहुत ज्यादा शुक्रगुजार महसूस करती हूं। उनकी दुआएं ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी खुशी ही मेरे लिए मायने रखती है। यह कितना शानदार है कि मुझे अपनी दोनों मां का आशीर्वाद मिला है। ‘लाफ्टर शेफ्स’ शो मेरे दिल के बहुत करीब है। मेरी ताकत के इन दो स्तंभों को और उन सभी मां को जो अपने बच्चों की परवरिश का शानदार काम कर रही हैं। ‘मदर्स डे’ की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

Exit mobile version