April 13, 2026
National

मुंबई के कल्याण में डंपर और ईको कार की टक्कर, नौ लोगों की मौत

Nine people died in a collision between a dumper and an Eeco car in Kalyan, Mumbai.

13 अप्रैल । महाराष्ट्र के कल्याण में भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक डंपर और ईको कार की टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई। अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ठाणे के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डीएस स्वामी ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस अधीक्षक डीएस स्वामी ने आईएएनएस को बताया कि अभी तक 9 लोगों की मौत हुई है। दो लोग घायल हैं। गंभीर स्थिति होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, कल्याण में यह दुर्घटना कल्याण-मुरबाड मार्ग पर रायता पुल के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। बताया गया कि ईको कार में कुल 12 लोग सवार थे। यह कार मुरबाड़ जा रही थी। हालांकि, कल्याण के नजदीक रायता पुल के पास कार डंपर से भिड़ गई। हादसा इतना भयंकर था कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ भी जुट गई। आनन-फानन पुलिस को घटना की सूचना दी गई। टिटवाला पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। वहीं, कार से शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस टक्कर के कारण टिटवाला-कल्याण मार्ग पर रायता पुल के पास राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे इलाके में वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती रिपोर्ट से पता चला कि दुर्घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि तेज गति या वाहन पर से नियंत्रण खो देना इस दुर्घटना का कारण हो सकता है।

Leave feedback about this

  • Service