N1Live National नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल किया नामांकन, कहा- आगे बढ़ाते रहेंगे ‘विकसित बिहार’ का संकल्प
National

नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल किया नामांकन, कहा- आगे बढ़ाते रहेंगे ‘विकसित बिहार’ का संकल्प

Nitin Naveen filed his nomination for the Rajya Sabha elections, saying he will continue to pursue the pledge of a 'developed Bihar'.

5 मार्च । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पटना में आगामी द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने नितिन नवीन को बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।

नितिन नवीन के नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। वहीं, बिहार में एनडीए की सहयोगी आरएलएम पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी मौजूद थे।

भाजपा अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “राज्यसभा के लिए नामांकन प्रस्तुत करते हुए मन स्वाभाविक रूप से उस लंबी यात्रा को याद कर रहा है, जिसे हमने आप सबके साथ मिलकर तय किया है। मुझे पटना पश्चिम (बांकीपुर) की जनता ने हाथ पकड़कर चलना सिखाया है। पिछले दो दशकों से अधिक समय से आपने जो विश्वास और स्नेह दिया है, उसी के बल पर मुझे बिहार सरकार में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य और समाज की सेवा करने का अवसर मिला, जिसे मैंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया है।”

उन्होंने आगे लिखा, “चाहे श्रीरामनवमी की भव्य शोभायात्रा की तैयारियां हों, आस्था के पर्वों की व्यवस्था हो या बांकीपुर के विकास से जुड़े संकल्प, हर कदम पर मैंने स्वयं को आप सबके विश्वास का प्रतिनिधि मानकर कार्य किया है। आज राज्यसभा के लिए नामांकन करते हुए मन में वही जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प है।”

नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “मैं विश्वास दिलाता हूं कि बांकीपुर की जनता के साथ मेरा यह आत्मीय संबंध आगे भी इसी विश्वास व समर्पण के साथ बना रहेगा और हम सब मिलकर विकसित बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाते रहेंगे। आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”

नामांकन से पहले नितिन नवीन ने पटना जंक्शन स्थित श्री महावीर मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रभु श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने पटना के बांसघाट स्थित काली मंदिर और गोलघर स्थित मां अखंडवासिनी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

Exit mobile version