11 मई । बिहार भाजपा के वरिष्ठ और दिवंगत नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 77वीं जयंती पर सोमवार को उनके पुत्र और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना के नवीन सिन्हा पार्क पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर दीघा के विधायक संजीव चौरसिया और बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पिताजी नवीन सिन्हा की जयंती के अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
उन्होंने कहा कि उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, संगठन और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते थे और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते थे।
उन्होंने कहा कि पिताजी के आदर्श, विचार और जनसेवा की भावना आज भी उन्हें प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि राजनीति में जिस सादगी और संकल्प से वे काम करते थे, वो सभी के लिए प्रेरणादायी है। आज सुखद क्षण यह भी है कि उनका सपना मंदिरी नाला पर सड़क निर्माण का था। बिहार सरकार आज उस सपने को पूरा कर रही है। इस योजना को लेकर पूरे क्षेत्र में खुशी है।
इस योजना से आम लोगों के जीवन में जो बदलाव आएगा, वह उनकी आत्मा को संतुष्टि देगा। उनके जो सपने थे, वे पूरे होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, “आज बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पटना पश्चिम के लोकप्रिय विधायक रहे हर दिल अज़ीज़ पूज्य पिताजी स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा जी की 77वीं जयंती के अवसर पर राजवंशी नगर स्थित ‘नवीन सिन्हा स्मृति पार्क’ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सादर नमन किया।”
उन्होंने आगे लिखा कि समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण, सादगीपूर्ण जीवन और जनहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी मेरे सार्वजनिक जीवन को प्रेरित करती है तथा राष्ट्र और संगठन के प्रति कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करती है।

