N1Live National नोएडा : वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार, हाईटेक तकनीक से चोरी करने वाले 6 शातिर गिरफ्तार
National

नोएडा : वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार, हाईटेक तकनीक से चोरी करने वाले 6 शातिर गिरफ्तार

Noida: Major attack on vehicle theft gang, 6 criminals using high-tech technology arrested

4 फरवरी । गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने चार पहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-39 पुलिस और नोएडा सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 6 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपए कीमत की 4 कारें, चोरी में प्रयुक्त हाईटेक उपकरण, फर्जी नंबर प्लेट और एक टैक्सी कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ दाऊद, सलीम, आजाद, सलीम, मोहसीन और मोहम्मद फैसल के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी आजाद पर दिल्ली और नोएडा समेत विभिन्न राज्यों में कुल 38 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक टैक्सी कार (हुंडई ओरा) का इस्तेमाल कर दिन-रात अलग-अलग ड्राइवर बदलकर रेकी किया करते थे। इसके बाद ऑन-डिमांड हाईटेक की-प्रोग्रामर और जीपीएस जैमर की मदद से मिनटों में कार चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी की गई गाड़ियों को राजस्थान, हरियाणा के मेवात क्षेत्र और अन्य राज्यों में 1 से 2 लाख रुपए में बेच दिया जाता था।

बरामद वाहनों में दो मारुति ब्रेजा, एक मारुति स्विफ्ट और एक हुंडई ओरा शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने 6 टी-लॉक ब्रेकर, पेचकस, वायर कटर, ओबीडी स्टार कंपनी का की-प्रोग्रामर, जीपीएस जैमर, दो फर्जी नंबर प्लेट और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस गिरोह ने नोएडा, दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों में कई वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद सेक्टर-82 कट के पास से सभी को गिरफ्तार किया गया। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को डीसीपी द्वारा 25 हजार रुपए के नकद इनाम से सम्मानित किया गया है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version