March 18, 2026
Entertainment

नोरा ही नहीं, संजय दत्त भी रहे हैं विवादित गानों का हिस्सा, ‘गैंगस्टर’ इमेज चमकाने के लिए लिया आइटम नंबर का सहारा

Not only Nora, Sanjay Dutt has also been a part of controversial songs, resorting to item numbers to enhance his ‘gangster’ image.

18 मार्च । संजय दत्त और नोरा फतेही की पैन इंडिया फिल्म ‘केडी- द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी…’ रिलीज के साथ ही हंगामा मचा रहा है।

गाने को लेकर कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं और कार्रवाई करते हुए गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है, लेकिन गाने के विवादित होने के पीछे सिर्फ नोरा फतेही का नाम ही चर्चा में आ रहा है, जबकि गाने का हिस्सा संजय दत्त भी हैं। हिंदी सिनेमा में संजय दत्त की छवि एक गैंगस्टर वाली रही है और जिस भी फिल्म में वे गैंगस्टर या खलनायक की भूमिका में दिखे हैं, वहां ऐसे विवादित गानों की बौछार रही है। आज हम संजय दत्त के उन विवादित गानों के बारे में जानेंगे, जिसमें ‘सरके चुनर तेरी…’ जैसे सीन्स और लिरिक्स को पहले भी किया जा चुका है।

साल 2012 में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और राणा दग्गुबाती की फिल्म ‘डिपार्टमेंट’ थी, जिसमें गैंगस्टर की जीवनी को दिखाने के लिए ‘डन डन चीनी’ गाने को फिल्माया गया था, जिसमें नतालिया कौर ने अपने सिजलिंग डांस स्टेप्स से सबको हैरान कर दिया था। यह गाना देखने में ‘सरके चुनर तेरी…’ से भी ज्यादा बोल्ड था।

साल 1993 में आई फिल्म ‘खलनायक’ में दो ऐसे गाने फिल्माए गए थे, जो समाज के मापदंडों पर बिल्कुल भी फिट नहीं बैठते थे। पहला था “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” और दूसरा “चोली के पीछे क्या है।” “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” एक “बैड बॉय” इमेज का गाना था, जिसमें एक नकारात्मक किरदार को हीरो की तरह पेश करने की कोशिश की गई, जबकि “चोली के पीछे क्या है” के लिरिक्स हद से ज्यादा विवादित रहे थे, लेकिन विडंबना देखिए, आज भी इन गानों का चलन धड़ल्ले से हमारे समाज में किया जाता है।

गौर करने वाली बात यह भी है कि संजय दत्त के कई रोमांटिक गाने भी ऐसे रहे हैं, जिनके लिरिक्स भले ही थोड़े रोमांटिक हैं, लेकिन फिल्म में फिल्माए गए कुछ स्टेप्स और एक्सप्रेशन उन्हें विवादित बनाते हैं, जैसे ‘यलगार’ का ‘आखिर तुम्हें आना है’। यह गाना भले ही रोमांटिक है, लेकिन शर्ट उतार कर अपनी भावनाओं को दिखाने का तरीका काफी विवादित रहा।

फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ का गाना ‘देख ले’, जिसे मुमैत खान के साथ फिल्माया गया था, को कैसे भूला जा सकता है? गाने में अस्पताल के मरीजों का हौसला बढ़ाने के लिए स्क्रिप्ट में ऐसे गाने को फिल्माया गया। गाना विवादित और सिजलिंग था।

साल 2000 में आई ‘जंग’ का गाना ‘आईला रे लड़की मस्त मस्त’ भी काफी हिट रहा। गाना एक जॉयफुल मोमेंट को दिखाता है, लेकिन इस गाने की एक लाइन, ‘आईला रे लड़की मस्त मस्त है,’ काफी वायरल हुई थी, और धीरे-धीरे लोगों ने भी इस लाइन को आम जीवन में उतारना शुरू कर दिया था। इसके अलावा, रासकल का ‘शेक इट सैयां’ भी इस लिस्ट में शामिल है।

Leave feedback about this

  • Service