N1Live General News ओडिशा में भीषण सड़क हादसा: पुरुषोत्तमपुर में 6 लोगों की मौत, सीएम माझी ने जताया शोक
General News National

ओडिशा में भीषण सड़क हादसा: पुरुषोत्तमपुर में 6 लोगों की मौत, सीएम माझी ने जताया शोक

Odisha: 6 people killed in Purushottampur road accident, CM Majhi expresses grief

ओडिशा के गंजाम जिले के पुरुषोत्तमपुर इलाके में एक भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

सीएमओ ओडिशा के आधिकारिक हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया, “गंजाम जिले के पुरुषोत्तमपुर में हुए दुखद सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने सीएमआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये देने की घोषणा की है।”

मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, पुरुषोत्तमपुर क्षेत्र में दो वाहनों के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री माझी ने प्रशासन को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के साथ-साथ मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा गया है। ओडिशा सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राज्य में सड़क सुरक्षा अभियान को और तेज किया जाएगा। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से सामने ला दिया है।

Exit mobile version