March 23, 2026
National

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी अस्पतालों में नियमित अग्नि सुरक्षा ऑडिट के दिए आदेश

Odisha Health Minister orders regular fire safety audits in government hospitals

22 मार्च । ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने रविवार को लोक सेवा भवन में आयोजित राज्य स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्‍होंने राज्य के अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा उपायों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया और विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में ओडिशा भर के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, जिला मुख्यालय अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

मंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानदंडों के सख्त प्रवर्तन पर जोर दिया और नियमित निरीक्षण के आदेश दिए।

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को समय-समय पर निगरानी पर विशेष ध्यान देने और अग्नि सुरक्षा मानकों का उचित अनुपालन सुनिश्चित करने की भी सलाह दी।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री ने आपात स्थितियों के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया की आवश्यकता और रोगी सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मुकेश महालिंग ने निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में अग्निशमन उपकरण पूरी तरह से कार्यशील स्थिति में होने चाहिए और नियमित निरीक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने चाहिए।

उन्‍होंने अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश भी दिया। बैठक के दौरान राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए मरीजों और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्‍होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को राज्य भर के अस्पतालों में इस तरह के खतरों को रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि कटक में सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हाल ही में हुई आग दुर्घटना के बाद विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) और कांग्रेस नैतिक आधार पर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

इस दुर्घटना में आधिकारिक तौर पर 12 लोगों की जान चली गई। विपक्षी दलों ने यह भी आरोप लगाया है कि इस घटना ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग के कामकाज में कमियों को उजागर किया है।

Leave feedback about this

  • Service