N1Live Entertainment ओजस गौतम ने मनाया अपना जन्मदिन; यामी, सुरीली और आदित्य धर ने दी बधाई
Entertainment

ओजस गौतम ने मनाया अपना जन्मदिन; यामी, सुरीली और आदित्य धर ने दी बधाई

Ojas Gautam celebrates his birthday; Yami, Surilie and Aditya Dhar extend their wishes

6 मई । अभिनेत्री यामी गौतम के भाई और असिस्टेंट डायरेक्टर ओजस गौतम मंगलवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्यों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिन की बधाई दी।

यामी गौतम के पति और निर्देशक आदित्य धर ने ओजस की इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। ये तस्वीरें फिल्म ‘धुरंधर’ के सेट की हैं, जिनमें ओजस फिल्म के कलाकारों के साथ काम करते हुए नजर आ रहे हैं।

आदित्य ने ओजस की तारीफ करते हुए उसे ‘फ्यूचर लेजेंड’ बताया। निर्देशक ने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो ओजस। तुम्हारी किस्मत में एक दिन लिजेंड बनना लिखा है। मेरी दुआ है कि तुम्हें हमेशा ढ़ेर सारा प्यार, अच्छी किस्मत और खुशियां मिलती रहें। तुम हमेशा इसी तरह चमकते रहो, क्योंकि तुम वाकई बहुत खास हो।”

यामी की छोटी बहन सुरीली गौतम पंजाबी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हैं। उन्होंने भी अपने भाई ओजस को इंस्टाग्राम के जरिए जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ओजस को परिवार की ‘शान’ और अपनी ‘दुनिया’ बताया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर ओजस की तस्वीर पोस्ट करके लिखा, “इस अद्भुत और होशियार बच्चे को जन्मदिन की बहुत बहुत बधाई। ओजस, तुम वो बच्चे हो जिसने मुझे पहली बार बड़ी बहन होने का अहसास कराया। तुम पहले बच्चे थे जिसे मैंने अपनी बाहों में लिया था, और उसी पल से मैं तुम्हारी दूसरी मां बन गई थी।”

उन्होंने आगे लिखा कि ओजस ने अपने काम और व्यवहार से पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

अभिनेत्री यामी गौतम ने भी इंस्टाग्राम पर ओजस के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में यामी, ओजस और उनके माता-पिता नजर आ रहे हैं।

यामी ने लिखा, “सबसे होनहार गौतम को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। भगवान करे तुम हमेशा समझदारी, हुनर और दयालुता से भरपूर रहो। मेरे प्यारे छोटे भाई, ओजस हमेशा ऐसे ही रहना।”

ओजस गौतम धीरे-धीरे निर्देशन और एडिटिंग की दुनिया में अपना नाम बना रहे हैं। वे मुख्य रूप से फिल्म ‘धुरंधर’ के दमदार ट्रेलर को एडिट करने के लिए चर्चित हुए थे। इसके अलावा, ओजस ने साल 2025 की फिल्म ‘धूम धाम’ में भी असिस्टेंट डायरेक्टर और एडिटर के तौर पर काम किया है।

Exit mobile version