उत्तर प्रदेश के शामली के चर्चित आयुष मलिक मामले में नया मोड़ सामने आया है। आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक ने कहा किया कि उनके बेटे ने घर वापसी कर ली है। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद खुशी का पल है और इसके लिए उन्होंने भगवान, सरकार, मीडिया और सभी सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।
देवराज मलिक ने बताया कि उनका बेटा पिछले करीब सात दिनों से पूजा-पाठ कर रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि भगवान ने उनकी प्रार्थना सुन ली और उनका बेटा वापस परिवार के पास लौट आया।
उन्होंने कहा, “सबसे पहले मैं सभी सम्मानित नागरिकों को अपनी ओर से नमन करता हूं। ईश्वर की विशेष कृपा से मेरा बेटा घर वापस आया है। इसमें सभी मीडिया कर्मियों, विभिन्न संस्थाओं और सहयोग करने वाले सभी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके लिए मैं सभी का दिल से आभारी हूं।”
देवराज मलिक ने कहा कि उनका बेटा अपनी मां, बहन और पूरे परिवार के प्यार और स्नेह की वजह से घर वापस लौटा है। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार इस वापसी से बेहद खुश है और इसे भगवान का आशीर्वाद मान रहा है।
करीब 30 वर्षीय आयुष मलिक ने कुछ समय पहले इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम मोहम्मद अली रख लिया था। यह मामला जून 2026 की शुरुआत में उस समय सार्वजनिक चर्चा में आया, जब ईद की नमाज अदा करते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। पुलिस कार्रवाई के बाद आयुष मलिक मीडिया के सामने आए थे और उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने बिना किसी दबाव के अपनी मर्जी से और कई सालों के अध्ययन के बाद इस्लाम अपनाया था।
अब पिता के दावे के अनुसार, आयुष मलिक ने परिवार के पास लौटकर घर वापसी कर ली है।

