सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने रालेगण सिद्धि में मीडिया से बात करते हुए सोनिया गांधी की पुस्तक में अपने आंदोलन की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के लिए काम करते हैं।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब में अन्ना हजारे के आंदोलन का उल्लेख करते हुए की गई टिप्पणी पर अन्ना हजारे ने पलटवार किया है। सोनिया गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने निशाना साधा और कहा, “मेरे आंदोलन से आरएसएस और भाजपा के भी कई लोग घर चले गए थे। मैं किसी पार्टी या राजनीतिक दल के बारे में नहीं सोचता बल्कि मेरे सामने सिर्फ समाज और देश है। आप संकुचित दृष्टिकोण से काम कर रहे हैं, यह उचित नहीं है। देश के बारे में सोचिए। आज देश किस दिशा में जा रहा है और विशाल भारत की क्या स्थिति है, इस पर विचार करने की जरूरत है। कांग्रेस हो या भाजपा, मेरा किसी भी पार्टी से कोई संबंध नहीं है। मैं केवल समाज और देश के हित की बात करता हूं।”
उन्होंने कहा, “अकाल पड़ा है, आपके पास पैसों की कमी नहीं है, इसलिए ऐसे मुद्दों पर विचार कीजिए और समाज के लिए काम कीजिए। मेरी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने खड़ी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।”
अन्ना हजारे ने अपनी आने वाली किताब ‘अण्णा हजारे ग्रामयोगी’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह पुस्तक भी पढ़नी चाहिए, इससे आपको सीख मिलेगी। मेरे बारे में कोई क्या लिखता है, मैं इसकी चिंता नहीं करता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, ‘जिस पेड़ पर फल लगते हैं, लोग उसी पेड़ पर पत्थर मारते हैं। जिस पेड़ पर फल ही नहीं होते, उस पर कोई पत्थर क्यों मारेगा?’
बता दें कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के अध्याय 33 के पेज 461 पर लिखा है कि 2012 में महाराष्ट्र के एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव ‘अन्ना’ हजारे एक ऐसे आंदोलन का चेहरा बनकर उभरे, जिसने खुद को ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ कहा लेकिन यह आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर 2011 में चर्चा में आया था, खासकर तब जब अन्ना हजारे ने 5 अप्रैल 2011 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। इस अभियान से अरविंद केजरीवाल, किरण बेदी और बाबा रामदेव जैसे कई प्रमुख चेहरे भी जुड़े थे, हालांकि उनकी मांगें और भूमिकाएं अलग-अलग थीं।
–

